निलम्बित अधिशासी अभियन्ता की पैरवी में नपे सिंचाई मंत्री के निजी सचिव

लखनऊ, प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह के निजी सचिव राज कुमार सरोज को सीतापुर के निलम्बित अधिशासी अभियन्ता दिनेश सिंह की पैरवी करना भारी पड़ गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर उन्हें हटा दिया गया है। श्री सरोज के स्थान पर महेन्द्र विश्वकर्मा को सिंचाई मंत्री का निजी सचिव बनाया गया है। गत दिनों सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने सीतापुर में औचक निरीक्षण कर नहरों की सिल्ट सफाई देखी थी। इस दौरान सिल्ट सफाई में अधिशासी अभियन्ता दिनेश सिंह की घोर लापरवाही सामने आयी थी। श्री सिंह ने उन्हें जमकर फटकारा था। साथ ही अधिशासी अभियन्ता दिनेश सिंह को निलम्बित करने के आदेश दिये थे। लेकिन कई दिनों तक उन्हें निलम्बित नहीं किया गया था। दिनेश सिंह की पैरवी मंत्री से उनके निजी सचिव राज कुमार सरोज ने की थी। यह बात मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान में आने के बाद अधिशासी अभियन्ता दिनेश सिंह को निलम्बित किया गया। इस पर निलम्बन के खिलाफ दिनेश सिंह कोर्ट चले गये, जिससे सिंचाई मंत्री दिनेश सिंह उनकी पैरवी करने वाले निजी सचिव राज कुमार सरोज से खास नाराज हुए। सिंचाई मंत्री की सिफारिश पर राज कुमार सरोज को निजी सचिव पद से हटा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *