उधार पैसा मांगने पर किया दोस्त का मर्डर,शव के 400 टुकड़े कर किया टॉयलेट में फ्लश

मुंबई,मुंबई से 70 किलोमीटर दूर विरार शहर में मर्डर की एक ऐसी लोमहर्षक घटना सामने आई है जिसे सुनकर हर किसी के होश उड़े हैं. दरअसल एक व्यक्ति ने अपने दोस्त की हत्या करने के बाद मृत शरीर के करीब ४०० से अधिक टुकड़े किये और फिर शव को फ्लैट के टॉयलेट में फ्लश कर सबूत मिटाने की भरसक कोशिश की. यही नहीं, उसने लाश की हड्डियां और सिर अलग रखा और उन्हें थैली में भरकर भाईंदर की खाड़ी में फेंक दिया. इस घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब सोसाइटी के चैंबर से बदबू आने लगी. घटना विरार पश्चिम स्थित ग्लोबल सिटी के बछराज पैराडाईज सोसायटी की है. बताया गया है कि यह मर्डर महज ६० हजार रूपये को लेकर हुआ. मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिंटू किशन शर्मा (40) ग्लोबल सिटी इलाके में फ्लैट नंबर 602 में रहता था, उसने हाल ही में घर किराए पर लिया था. पूछताछ में उसने बताया कि मीरा रोड के सेक्टर-9 में रहने वाले गणेश विट्ठल कोलटकर (58) ने उससे 1 लाख रुपये कर्ज लिया था. उसने 40 हजार रुपये चुका दिए, लेकिन 60 हजार रुपये के लिए आनाकानी करने लगा. इससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. फिर एक दिन दोनों के बीच झगड़ा हो गया. इस बात से नाराज होकर आरोपी पिंटू ने हत्या की योजना बनाई. उसने कोलटकर को विरार में बुलाया यहां लड़ाई के दौरान उसकी हत्या कर दी. फिर जुर्म को छिपाने के लिए उसने ग्लोबल सिटी इलाके में फ्लैट लिया. यहां वह कोलटकर का शव लेकर गया और उसके टुकड़े-टुकड़े कर दिए. वह शव का मांस टॉयलेट में फ्लश कर देता था और हड्डियां थैली में भरकर भाईंदर की खाड़ी में फेंक देता था. उसने शव के करीब 400 से ज्यादा छोटे टुकड़े किए थे, जो फ्लश करने के कारण ड्रेनेज पाइप में फंस गए. ड्रेनेज पाइप से बदबू आने के बाद सोसायटी के पदाधिकारियों ने चैंबर की सफाई के लिए 2 मजदूर बुलाए. उन्होंने जब सफाई की तो मांस के टुकड़े फंसे मिले. उन्हें लगा कि यह चिकन या मटन है, लेकिन जब 300 से ज्यादा टुकड़े मिले तो उन्हें शक हुआ. इस बीच उन्हें उंगलियां भी मिली. यह देख मजदूरों के होश उड़ गए. फिर सोसायटी में रहने वालों ने पुलिस स्टेशन को सूचना दी. पुलिस ने मौके पहुंचकर जांच शुरू की जो पिंटू किशन शर्मा तक जा पहुंची. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल की. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *