कश्मीर, हिमाचल,उत्तराखंड में बर्फबारी, शीत लहर से कांपा मध्यप्रदेश

नई दिल्ली,जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी ने पूरे देश को ठंड के आगोश में जकड़ लिया। पूरे मध्यप्रदेश में इस समय कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हिमपात की वजह से उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में शीत-लहर का असर बढ़ गया है। हिमाचल के शिमला, मनाली, किन्नौर और डलहौजी समेत कई इलाकों में रविवार को भारी बर्फबारी हुई है। उधर, जम्मू में वैष्णोदेवी मंदिर की पहाडिय़ों पर भी बर्फबारी हुई है। उत्तराखंड में मसूरी के धनौटी और सुरकंडा इलाकों में रविवार से शुरू हुआ हिमपात का दौर सोमवार को भी जारी है। देश में कई ट्रेनें देर से चल रही हैं। हिमाचल के लाहौल-स्पीती में राज्य का सबसे कम तापमान माइनस 12 डिग्री रहा। किनौर के कल्पा में तापमान माइनस 8 डिग्री, मनाली में माइनस 3.6 डिग्री और शिमला में माइनस 0.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में रात का तापमान तो बढ़ा है, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट आई है। भोपाल में सोमवार सुबह कोहरा छाया रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार से शहर में कड़ाके की ठंड का एक दौर आ सकता है। इसमें सीजन की सबसे तेज ठंड पड़ सकती है।
दृश्यता शून्य हुई
सोमवार सुबह से ही भोपाल का मौसम अचानक बदल गया। सीजन में पहली बार उत्तरी, मध्य और पश्चिमी मध्यप्रदेश के सभी जिलों में घना कोहरा छा गया। जो मंगलवार सबेरे सोमवार की तुलना में घटा है,इस दौरान भोपाल में सुबह छह बजे विजिविलटी (दृश्यता) शून्य पर पहुंच गई। कोहरे का असर उत्तर भारत से आने वाली ट्रेनों और हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। दिल्ली से आने वाली अधिकतर ट्रेन देरी से भोपाल पहुंची। भोपाल एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट एक घंटे तक की देरी से लैंड हुई।
बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा मंडला और बैतूल रहा यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं भोपाल में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान सीधी में 8.4 और मंडला में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के कई जिलों के स्कूलों में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *