भोपाल,मध्यप्रदेश में राशन की दुकानें खोलने का अब समय बदला जाएगा। राशन दुकान अब सुबह 9 के बजाए 8 बजे खोली जाएंगी। खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इसकी घोषणा की है, इस संबंध में कलेक्टर-कमिश्नर को आदेश भी जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तोमर ने भोपाल शहर के प्राथमिक उपभोक्ता भंडारों का आज आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर दुकान निलंबित करने तथा निम्न गुणवत्ता की सामग्री की जाँच के निर्देश अधिकारियों को दिए।
तोमर ने कहा कि राशन दुकानों से गरीब व्यक्तियों को राशन की आपूर्ति की जाती है। इनके संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तोमर ने भोपाल शहर में विधानसभा भवन के सामने स्थित वार्ड क्रमांक 31 के नगीना महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार भीम नगर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राशन दुकान बंद पाए जाने पर मंत्री द्वारा अपने समक्ष दुकान खुलवाई गई। दुकान में निम्न गुणवत्ता के चावल-गेहूँ के वितरण की शिकायत स्थानीय नागरिकों द्वारा की गई थी। दुकान संचालक द्वारा स्टॉक पंजी का भी संधारण नहीं किया जा रहा था। मशीन पर थंब इंप्रेशन न आने की शिकायत भी स्थानीय नागरिकों द्वारा की गई, जिस पर मंत्री तोमर ने उपलब्ध सामग्री की सैंपलिंग करने और उपभोक्ता भंडार संचालन करने वाले के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राशन दुकानें अब सुबह आठ बजे खुला करेंगी