राफेल डील पर झूठ बोलने के लिए देश से माफी मांगें राहुल -डॉ. रमन

रायपुर,छत्तीसगढ़ के निवृतमान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा कि राफेल मुद्दे पर देश की जनता से झूठ बोलने तथा प्रधानमंत्री पर अपमानजनक आधार हीन आरोप लगाने के लिए माफी मांगे।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राफेल मुद्दे पर देश की सबसे बड़ी अदालत ने याचिका ख़ारिज की है। आज सत्य की जीत हुई है। झूठ बोलने वालों के मुंह पर तमाचा पड़ा है। डॉ. सिंह ने कहा कि राफेल मुद्दे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अमर्यादित भाषा का उपयोग किया था। भाजपा की केंद्र सरकार अपने पूरे कार्यकाल में बेदाग रही है। पूर्ववर्ती यूपीए सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी रही। वर्तमान में केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार को कोई मामला नहीं रहा।
श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन देकर देश में मिसाल पेश की है। श्री गांधी केंद्र सरकार की बेदाग छवि से सदैव बेचैन रहे हैं। इसीलिए उन्होंने मनगढ़ंत आरोप लगाने के लिए राफेल विमान सौदे को चुना। केंद्र सरकार की छवि को इस मुद्दे पर धूमिल करने के अपने अभियान में उन्होंने देश की प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ किया।
सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद श्री गांधी को इस मुद्दे पर देश और विश्व को अपने झूठ से गुमराह करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। श्री गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि किन दस्तावेजों के आधार पर उन्होंने श्री मोदी पर आरोप लगाये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *