मुंबई,बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा रेखा की खूबसूरती और अभिनय के तो सभी दीवाने हैं, लेकिन इस उम्र में भी जब वो स्टेज पर डांस करती दिखती हैं तो लोगों के मुंह से एक ही शब्द निकलता है और वह यह कि सुभानअल्लाह। जी हॉं, लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर रहने के बावजूद रेखा का जलवा बरकरार है। बात सिर्फ यह है कि रेखा के आज भी करोड़ों दीवाने हैं और इस बात को उन्होंने ‘लक्स गोल्डन रोज अवॉर्ड्स’ में साबित करके दिखला दिया है। स्टार प्लस पर टेलीकास्ट किए गए इस शो को बॉलीवुड के शहंशाह शाहरुख खान होस्ट कर रहे थे। चूंकि ‘लक्स गोल्डन रोज अवॉर्ड्स’ में रेखा को टाइमलेस ब्यूटी अवॉर्ड से नवाजा गया था अत: रेखा अपने सदाबहार लुक ट्रेडिशनल कांजीवरम साड़ी में वहां मौजूद थीं। अवार्ड के लिए नाम लिया गया तो रेखा को होस्ट शाहरुख और करण जौहर ने पूरे सम्मान के साथ स्टेज पर लाया। अवॉर्ड स्पीच में रेखा ने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए खास है क्योंकि मेरी मां को भी लक्स गोल्डन रोज एक्ट्रेस में जब चुना गया तब मेरा जन्म हुआ था। उन्होंने अपने लंबे सफर को याद करते हुए कहा कि आज 63 साल बाद मैं भी वहां पहुंच गई हूं। यह सम्मान वाकई मेरे लिए बहुत खास है। इसके बाद रेखा जाने को हुईं तो शाहरुख कह उठे, ‘रेखा जी आपकी अदाओं की दुनिया कायल है लेकिन मैं आपसे कुछ कहना चाहता हूं।’ शाहरुख ने कहा, ‘आजकल एक नया गाना बाजार में आया है रश्के कमर… आप इस पर डांस करतीं तो कैसा होता?’ किंग खान शाहरुख की इस बात पर रेखा डांस करने को तैयार हो गईं और फिर उन्होंने शाहरुख के साथ जो डांस किया वह देख वहां मौजूद ज्यादातर लोगों के मुंह से यही निकला सुभानअल्लाह। रेखा और शाहरुख का डांस वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
रेखा का डांस देख लोगों ने कहा सुभानअल्लाह