शक्ति प्रोजेक्ट के तहत राहुल युवाओं से बात करेंगे, यूपी में कांग्रेस ने तैयार की तीन लाख युवाओं की फौज

कानपुर,यूपी में पूरी तरह पिछड़ चुकी कांग्रेस अब यूपी में ताकतवार होती जा रही है। दरअसल कांग्रेस ने पिछले तीन महीने में उत्तरप्रदेश में कार्यकर्ताओं की फ़ौज खड़ी कर दी। यूथ कांग्रेस में तीन लाख और कांग्रेस सेवा दल में लगभग सवा लाख युवाओं ने सदस्यता ग्रहण की। संगठन की इस कामयाबी से राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने ख़ुशी जाहिर की है। कार्यकर्ताओं को और करीब से जानने और जुड़ने के लिए कांग्रेस ने शक्ति प्रोजेक्ट की शुरूआत की है। कांग्रेस के शक्ति प्रोजेक्ट के अंतर्गत यूपी के डेढ़ लाख बूथों के कार्यकर्ताओं को जोड़ा जायेगा। अब युवाओं में जोश भरने के लिए राहुल गांधी किसी भी कार्यकर्ता से सीधे संवाद कर सकते हैं। इसके साथ ही युवा भी अपने मन की बात और संगठन के काम काज से संबंधित बाते अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से कर सकते हैं। बता दें कि अबतक पीएम नरेंद्र मोदी ही इस फॉर्मूले को अपनाते आए हैं। कांग्रेस के शक्ति प्रोजेक्ट में एक मोबाइल नंबर लांच किया गया है जिसपर पार्टी के कार्यकर्ता अपनी वोटर आईडी कार्ड का नंबर मैसेज करेगा। एक-एक कार्यकर्ता का पूरा ब्यौरा राहुल गांधी के मोबाइल ऐप पर होगा। प्रदेश के किसी भी बूथ की जानकारी राहुल गांधी चुटकियों में हासिल कर सकते है। इसके साथ ही वो भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी से मोबाइल पर बात कर सकते हैं। वहीं कार्यकर्ता भी संगठन के कार्यो में दिए गए योगदान को राहुल गांधी से शेयर कर सकते हैं, बल्कि सीधे संवाद भी कर सकते हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव सर्वजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि शक्ति प्रोजेक्ट कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच की दीवार को ख़त्म करने का काम करेगा। कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकता परिवार का सदस्य है। परिवार का सदस्य अपने घर के मुखिया से सीधे बात कर सकता है। इसके तहत वहां अपनी समस्याओं को शेयर कर सकता और संगठन के लिए अच्छे आईडिया दे सकता है। कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय तिलक हाल में शक्ति प्रोजेक्ट कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें सर्वजीत मक्कड़ ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जानकारी दी। बता दें कि उत्तरप्रदेश में यूथ कांग्रेस बड़ी ताकत बनकर उभरा है। यूथ कांग्रेस ने जितनी तेजी के साथ तीन लाख कार्यकर्ताओं की फ़ौज खड़ी की है उससे बीजेपी, सपा और बसपा भी परेशान हैं। यूथ कांग्रेस के बीते दिनों ही चुनाव संपन्न हुए है, राहुल गांधी ने जीतने वाले सभी पदाधिकारियों को जीत की बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *