मुंबई,आख़िरकार महाराष्ट्र सरकार किसानों के आगे झुक गई और उनके सारी मांगे मान ली है. मुख्य रूप से लोड शेडिंग की समस्या, वनाधिकार कानून लागू करने, सूखे से राहत, न्यूनतन समर्थन मूल्य, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने जैसी मांगों के साथ ये हजारों किसान फिर से सड़क पर उतरे थे. गुरुवार शाम विधान भवन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और किसानों के बीच बैठक आयोजित की गयी थी जहाँ मुख्यमंत्री ने किसानों की सभी मांगें मान ली हैं. सरकार ने लिखित में बिना शर्त मांगें मान ली हैं. बैठक के बाद किसानों का प्रतिनिधिमंडल मुंबई के आजाद मैदान में जमे करीब 30 हजार किसानों के पास पहुंचा और बताया कि मुख्यमंत्री से किन मुद्दों पर बात हुई. प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि सरकार की ओर से किसानों को क्या आश्वासन मिला है. इससे पहले महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से मुंबई के आजाद मैदान पहुंचा किसानों का प्रतिनिधिमंडल राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करने के लिए विधानभवन के बाहर जुटा. इनके साथ महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन भी मौजूद थे. किसानों की मांग थी कि सरकार उन्हें लिखित में आश्वासन दे तभी वे अपना धरना आंदोलन वापस लौटेंगे. उधर,मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि आदिवासी जमीन को लेकर किसानों के बीच कुछ गलतफहमी है, जिसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि अब किसानों को धरने पर बैठने की कोई जरूरत नहीं है. बता दें कि महाराष्ट्र के किसान एक बार फिर से अपनी मांगों को लेकर 2 दिवसीय प्रदर्शन के तहत गुरुवार सबुह 11 बजे के करीब मुंबई के आजाद मैदान पहुंच गए थे. सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल को मोर्चे के साथ तैनात किया गया था. पुलिस के अधिकारी खुद भी मौजूद रहे. किसान और आदिवासी लोक संघर्ष समिति के बैनर तले हजारों किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए गुरुवार सुबह 4:30 बजे चूनाभट्टी के सोमैया मैदान से मुंबई के आजाद मैदान के लिए रवाना हुए. लोक संघर्ष मोर्चा की अगुवाई में किसान पहले दादर पहुंचे और फिर आजाद मैदान पहुंचे. अपनी मांगों को लेकर किसानों ने बुधवार को ठाणे में प्रदर्शन शुरू किया था. बहरहाल महाराष्ट्र विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है और अब देखना दिलचस्प होगा कि महाराष्ट्र सरकार इन किसानों के लिए क्या कुछ करती है या फिर फिर से एक बार इन्हें आश्वासन देकर अपने घर वापस भेजती है.
– आजमी और पाटिल पहुंचे आजाद मैदान
इससे पहले विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल और समाजवाजी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी आजाद मैदान पहुंचे. साथ ही मंत्री गिरीश महाजन भी वहां पहुंचे. मालूम हो कि इससे पहले, इसी साल मार्च में ऐसा ही बड़ा प्रदर्शन हुआ था जब 25 हजार किसान नासिक से मुंबई आए थे.
महाराष्ट्र सरकार किसानों के सामने झुकी, सभी मांगें पूरी की जाएँगी