भोपाल, राजगढ़ जिले मे सीबीआई की टीम ने एक व्यक्ति की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सोमवार रात को राजगढ़ में महिला आयकर अफसर को चालीस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। महिला अफसर का नाम श्रीजा अनिल कुमार हैं, जो राजगढ़ में पदस्थ हैं। सीबीआई की टीम रिश्वत लेते हुई धराईं आयकर अफसर को भोपाल ले आई है। सीबीआई की टीम ने महिला अफसर को उस वक्त रंगे हाथ पकड़ा, जब वो फरियादी महेश शर्मा से घूस के चालीस हजार रुपए ले रही थीं। मामले मे जानकारी के अनुसार फरियादी महेश शर्मा नरसिंहगढ़ तहसील में बैंक का कियोस्क सेंटर चलाते हैं। महेश शर्मा ने अपनी शिकायत मे बताया था कि उनसे आय़कर विभाग ने 16 अक्टूबर को वित्तीय वर्ष 2011-12 के असेसमेंट से जुड़ी जानकारी के साथ ही कुछ सालों के लेन-देन की जानकारी मांगी थी। इसके साथ ही उनसे बैंक खाते के अलावा भी कियोस्क सेंटर से जुड़ी अन्य जानकारी मांगी गई थी। 23 अक्टूबर को फरियादी ने अपने सीए से सभी दस्तावेज तैयार करवाकर विभाग को इसकी ऑनलाइन जानकारी भेज दी थी। इसके बाद आरोपी आयकर अफसर श्रीजा अनिल कुमार ने उनके दस्तावेजों में कमियों का हवाला देकर एक लाख रुपए की मांग की और ऐसा नहीं करने की सूरत में तीन लाख की पेनाल्टी लगाने की बात कही। फरियादी ने इसकी शिकायत सीबीआई अधिकारियो से की इसके बाद सोमवार देर रात पहली किश्त के रुप में जैसे ही फरियादी महेश से श्रीजा ने 40 हजार रुपए लिए वैसे ही सीबीआई की टीम ने जाल बिछाते हुए उन्हें रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार लिया। जानकारी के अनुसार सीबीआई की कार्रवाई देर रात चलती रही, इस दौरान टीम ने ड्राइवर, इंस्पेक्टर और सहायक अधिकारी से भी पूछताछ की।वही घर की भी तलाशी ली है। सीबीआई की टीम अधिकारी को गिरफ्तार कर राजगढ़ से भोपाल ले आई है, और आगे की कार्रवाई भोपाल में की जाएगी।
महिला आयकर अधिकारी को CBI ने चालीस हजार कि रिश्वत लेते पकड़ा