रायपुर,छत्तीसगढ़ में आज भाजपा ने प्रथम चरण के विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित चार केन्द्रीय मंत्रियों श्रीमती स्मृति ईरानी, रविशंकर प्रसाद, सुश्री उमा भारती, रामकृपाल यादव व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को एक साथ प्रचार के लिए उतार कर सभी 18 सीटों पर चुनावी माहौल को गरमा दिया है। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव और राजनांदगांव में आमसभा को संबोधित किया।
श्रीमती ईरानी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश पूरे देश में विकास की मिसाल है। यह प्रदेश इस बात का प्रमाण है कि जनशक्ति, जनचेतना के साथ विकास की बुनियाद के साथ लोकतंत्र के ढांचे को मजबूत किया जा सकता है। राजनांदगांव में उन्होंने कहा कि पूरे राज्य का विकास तभी संभव है जब सत्ता का नही वरन् सेवा का अवसर भाजपा को मिले। उन्होंने पूछा कि आखिर क्या कारण था कि इस राज्य की जनता ने कांग्रेस पार्टी को नकार कर भारतीय जनता पार्टी को अवसर दिया। उन्होंने कहा हमें विकास की निरंतरता के लिए केन्द्र और छत्तीगसढ़ दोनों ही चुनावों में भाजपा को चुनना होगा।
केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कांकेर के सरोना, अंतागढ़ विधानसभा अंतर्गत पखांजूर और भानुप्रतापपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जबसे केन्द्र में भाजपा की सरकार आयी है विश्व भर में भारत का मानसम्मान बढ़ा है, उन्होंने कहा कि 2014 से पहले पूरे देश में कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश था। रोज-रोज कांग्रेस के घोटाले सामने आते थे परन्तु आज साढ़े चार वर्षों में केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक भी मामले नहीं है। श्री यादव ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार ने गरीबों के दर्द को समझा है और उनके लिए कार्य कर रहे हैं। इधर,केन्द्रीय मंत्री उमा भारती खैरागढ़ में भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल के पक्ष में प्रचार करने पहुंची । उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रदेश में चहुमुखी विकास हो रहा है छत्तीसगढ़ में आधुनिक विकास की हवा आयी है। डॉ. रमन सिंह और भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार जनता के बीच में जनता के सेवक बनकर कार्य कर रहे हैं इसलिए भाजपा को हरा पाने का किसी माई के लाल में दम नही । सुश्री भारती ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को चुनाव के समय में ही मंदिर की याद आती है। उन्होंने कहा भगवान सिर्फ दो चीजे ग्रहण करते है आपका प्रेम और अहंकार।