आदिवासियों को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती भाजपा, जल, जंगल और जमीन का अधिकार देंगे

झाबुआ,अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज झाबुआ के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित आदिवासी जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की एक ही सोच है कि वह आपको एक ही जगह तक सीमित रखना चाहती है, वे आदिवासियों के अच्छे स्वास्थ्य और अच्छी शिक्षा के लिए कटिबद्ध नहीं हैं। श्री गांधी ने कहा कि हमारा एक की झंडा है। कांग्रेस पार्टी दो हिन्दुस्तान नहीं चाहती। सभी ने कांग्रेस के इस झंडे के नीचे देश की आजादी के लिए कुर्बानी दी। देश के सभी लोग एक ही झंडे के नीचे आते हैं, चाहे वह आदिवासी, किसान, दलित या गरीब हो। लेकिन जो सुविधायें इन लोगों को मिलनी चाहिए वो नहीं मिलतीं, सारी सुविधायें कुछ खास उद्योगपतियों को इस सरकार में मिल रही हैं। क्योंकि भाजपा में दो झंडे हैं, एक भाजपा का और दूसरा आरएसएस का।
राहुल गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी आप लोगों को अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा और उच्च जीवन स्तर देना चाहते थे, यही सोच मेरी भी है। हमारा उद्देश्य है कि आपका भविष्य भी सुदृढ़ हो। उन्होंने कहा कि किसानों से जब उनकी जमीन ली जाती थी ता पहले उन्हें सही कीमत नहीं मिलती थी। उन्हें जमीन का चार गुना पैसा देने का कानून कांग्रेस लायी। हमने यह भी कानून बनाया कि किसान से उसकी जमीन पूछकर ली जाये। नरेन्द्र मोदी ने इस कानून का रद्द करने की तीन बार कोशिश की, लेकिन कांग्रेस ने उसे पास नहीं होने दिया। फिर मोदी जी ने राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश सरकार से कहा कि प्रस्तावित संशोधन को अपने यहां लागू करो। आज मध्यप्रदेश में हिन्दुस्तान का कानून लागू नहीं है। यहां के किसानों को जमीन अधिग्रहित करने पर सही कीमत नहीं दी जाती है।
श्री गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार में दो अलग तरह के हिन्दुस्तान बनाये जा रहे हैं। एक किसानों, मजदूरों, गरीबों और आदिवासियों का और एक चमकता हुआ हिन्दुस्तान चंद उद्योगपतियों के लिये। हम चाहते हैं कि एक हिन्दुस्तान हो और सबका एक साथ फायदा हो।
श्री गांधी ने कहा कि उधर चौकीदार और इधर ‘मामाजी’ हैं। महाकुम्भ में मामाजी पैसा खा गये। मध्यप्रदेश में ई-टेंडरिंग घोटाला हुआ, पूरे प्रदेश की शिक्षा के सिस्टम को नष्ट कर दिया। ईमानदार आदमी मध्यप्रदेश में नौकरी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि हम आपकी जिंदगी बदलना चाहते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि यहां आकर आप सभी आदिवासी भाईयों ने कांग्रेस का मान-सम्मान रखा है। यहां कोई ठेकेदार या व्यापारी नहीं है। यहां छोटे-छोटे किसान हैं, जो लूट और झूठ की सरकार के शिकार बनकर रह गये हैं। भाजपा ने कहा था कि अच्छे दिन आयेंगे, क्या आपके अच्छे दिन आये? भाजपा नेताओं के दिन जरूर अच्छे आ गये।
सांसद कांतिलाल भूरिया ने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवानों को नौकरी और किसानों को मजदूरी नहीं मिल रही। उन्होंने रतलाम और झाबुआ की जनता की ओर से विश्वास दिलाया कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। पूर्व में भूरिया ने राहुल गांधी को परंपरागत रूप से साफा बांधकर उनका स्वागत किया। विक्रांत भूरिया ने आदिवासी संस्कृति का प्रतीक तीर-कमान और सुश्री कलावती भूरिया ने बैलगाड़ी की प्रतिकृति भेंट की।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, सह-प्रभारी संजय कपूर, नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह, सुश्री सुलोचना रावत, जेवियर मेड़ा, बाल सिंह मेड़ा सहित स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमनागरिकों का जनसैलाब उपस्थित था।
-राहुल गांधी ने इंदौर में किया रोड-शो
राहुल गांधी ने इंदौर में रोड-शो किया जो बड़ा गणपति से शुरू होकर मल्हारगंज, लोहरपति, इतवारी बाजार, मालगंज, नरसिंह बाजार चैक, बांबे बाजार चैक, जवाहर मार्ग, इमली साहिब गुरूद्वारा, प्रिंस यशवंत राव रोड, राजबाड़ा चैक पर समाप्त हुआ। राजबाड़े में उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर दस दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा। राॅफेल डील के बारे में उन्होंने कहा कि चैकीदार ने अपने मित्र अंबानी को फायदा पहुंचाया। हिन्दुस्तान ऐरोनास्टिक लिमि. जिसे विमान निर्माण का 70 साल का अनुभव है, उससे काम छीनकर अपने दोस्त को दे दिया। एचएएल ने मिग मिराज जैसे लड़ाकू विमान बनाये हैं, जिसने विभिन्न युद्धों में पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिये। विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चैकसी जैसे लोग गरीबों का पैसा लेकर भाग गये और चैकीदार देखता रह गया। उन्हांेने कहा कि इस सरकार ने इंदौर में छोटे और मध्यम व्यापारी बहुत परेशान हुए हैं और कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके उत्थान के लिये काम किया जायेगा, साथ ही युवा बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर पैदा किये जायेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कांग्रेस के अन्य नेतागण उपस्थित थी। रोड-शो के दौरान शहर वासियों का हुजूम राहुल जी को देखने उमड़ रहा था। राहुल जी ने कही हाथ हिलाकर तो कहीं हाथ मिलाकर इंदौर की जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *