विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त पहलवानों में आये बजरंग

नई दिल्ली,एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया को 20 से 28 अक्टूबर तक हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित होने वाली विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के लिए शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों में शामिल किया गया है। पूनिया 65 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे और इसके लिए उन्हें तीसरी वरीयता दी गई है। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने जो रैंकिंग जारी की है, उसमें बजरंग के 45 अंक हैं।यह पहली बार है जब विश्व चैम्पियनशिप के लिए वरीयता जारी की है।
इसके बाद नई रैकिंग सीरीज जारी होगी। इसकी घोषणा 2017 में पेरिस में हुई विश्व चैम्पियनशिप के दौरान की गई थी। इससे पहले, पहलवानों को रैंडम ड्रॉ के माध्यम से वरीयता दी जाती थी। तुर्की सेहात्तिन किलिसालियान को 65 किग्रा वर्ग में 50 अंकों के साथ शीर्ष वरीयता मिली है। रूस के इलिया बेकबुलातोव को दूसरा तथा बजरंग को तीसरी वरीयता मिली है। वहीं अजरबैजान के हाजी अलियेव वरीयता क्रम में चौथे स्थान पर हैं।
बजरंग पिछले 15 दिनों से हंगरी के मात्राहाजा शहर में स्थित मात्राहाजा ओलम्पिक ट्रेनिंग सेंटर में अभ्यास कर रहे हैं। वो भारतीय टीम से पहले ही हंगरी पहुंच गए थे। भारतीय टीम विश्व चैम्पियनशिप के लिए 10 अक्टूबर को हंगरी पहुंची है। सीडिंग हासिल करने वाले पहले भारतीय पहलवान बनने पूनिया काफी खुश दिखे। पूनिया ने कहा कि अपनी साख के अनुसार प्रदर्शन करना चाहते हैं।
पूनिया ने कहा, “मैं यहां हालात के साथ तालमेल बनाने के इरादे से टीम से पहले आया था और मेरा ध्यान पूरी तरह विश्व चैम्पियनशिप पर है। आशा है कि मैं हर किसी की उम्मीदों पर खरा उतर सकूंगा और स्वर्ण के साथ देश लौटूंगा।” इस साल पूनिया का प्रदर्शन शानदार रहा है। 2018 में आयोजित एशियाई खेलो में पूनिया ने स्वर्ण जीता और इससे पहले आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण जीता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *