वाराणसी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, एक विदेशी यात्री की मौत

वाराणसी, वाराणसी के बाबातपुर स्थित लाल बाहदुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को बैंकॉक से दिल्ली जा रहे निजी विमान में एक विदेशी यात्री की मौत हो गई। हवाई अड्डा निदेशक एके राय ने बताया कि मृतक की पहचान बैंकॉक निवासी अटवत थोंगकासोर्न के रूप में हुई है। वह बैंकॉक से दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान अचानक विमान में उनकी तबियत खराब हो गई थी।
उन्होंने बताया कि बैंकॉक के स्वर्ण भूमि हवाई अड्डे से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे तक की यात्रा के दौरान स्पाइस जेट के विमान संख्या एसजी-088 जब वाराणसी वायु क्षेत्र के आसपास पहुंचा तो पायलट ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। उसे बिना किसी देरी के लैंडिंग की इजाजत दी गई।
राय ने बताया कि सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर विमान की सकुशल लैंडिंग हुई। गंभीर रूप से बीमार थोंगकासोर्न को तत्काल एंबुलेंस से हवाई अड्डे से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुबह 10 बजकर 8 मिनट पर उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को घटना की सूचना भेज दी गई। मृतक के शव के पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। सूत्रों ने बताया कि थोंगकासोर्न की मौत हृदयगति रुकने के कारण हुई। हवाई अड्डा निदेशक ने बताया कि दिन में करीब 12 बजे पुन: विमान दिल्ली के लिए सकुशल रवाना हो गया। स्पाइस जेट कंपनी के सूत्रों ने बताया कि विमान में 8 यात्री सवार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *