नई दिल्ली,बसपा सुप्रीमो मायावती ने कांग्रेस से तीन राज्यों में चुनावी गठबंधन न होने की घोषणा करते हुए आरोप लगाया है कि दिग्विजय सिंह भाजपा के एजेंट हैं उन्होंने और अन्य नेताओं ने सीबीआई की डर से गठबंधन नहीं होने दिया।
एक पत्रकार वार्ता में बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गठबंधन चाहते थे। मगर दिग्विजय सिंह और कई नेता गठबंधन के खिलाफ थे। वे नहीं चाहते थे कि हमारे बीच गठबंधन हो। मायावती ने कहा कि कांग्रेस बसपा की पहचान को खत्म करना चाहती है। दिग्विजय सिंह और कुछ अन्य नेता नहीं चाहते थे कि बसपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातिवादी पार्टी है।
मायावती ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की आड़ में बीएसपी को समाप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा कि बीएसपी और कांग्रेस में गठबंधन न होने पाए इसके पीछे दिग्विजय सिंह का निजी स्वार्थ शामिल है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की रस्सी जल गई मगर बल नहीं गया, कांग्रेस ने गुजरात से कुछ सबक नहीं लिया।
मायावती ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी दोनों आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बसपा के साथ गठबंधन चाहते थे। मगर यह दुख की बात है कि कांग्रेस पार्टी में दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं ने केंद्रीय जांच एजेंसी मसलन सीबीआई की डर से ऐसा नहीं होने दिया। वे किसी भी कीमत पर हमारे बीच में कोई चुनावी गठजोड़ नहीं चाहतेे। मायावती ने कहा कि यह हैरान करने वाली बात है कि कांग्रेस का ये नेता (दिग्विजय सिंह) जो कि बीजेपी का एजेंट है वह टीवी पर बसपा प्रमुख का नाम लेकर कहते हैं कि मायावती केंद्र सरकार के दवाब में गठबंधन नहीं करना चाहती, जो कि पूरी तरह से झूठ है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को बीएसपी के संघर्ष के बारे में जानकारी नहीं है उन्हें बीएसपी के इतिहास को पढ़ने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि कांग्रेस ने देश पर राज करने के लिए दलितों का इस्तेमाल किया और वह जातिवाद और सांप्रदायिक माइंडसेट की है और उसने दलित समुदाय के लिए आज तक कुछ भी नहीं किया है।
मायावती ने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान में बीएसपी अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। किसी भी कीमत पर हमारा कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीजेपी से ज्यादा गैर-बीजेपी दलों को कमजोर करने की कोशिश में लगी रहती है।
मायावती ने कहा कि कांग्रेस बीजेपी से डरी हुई है और यह सच है, यही वजह है कि वह मुस्लिमों को टिकट देने से भी कतरा रही है, हम हमेशा से बीजेपी को सत्ता से बाहर रखना चाहते हैं, यही वजह है कि हमने क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन किया। उन्होंने कहा क़ि अब राजस्थान और मध्य प्रदेश में मुझे लगता है कि कांग्रेस का इरादा बीजेपी को हराने की नहीं है, बल्कि वह उनके साथ दोस्ती रखने वाली पार्टियों को ही हानि पहुंचाना चाहती है।
दिग्विजय भाजपा के एजेंट ,नहीं होने दिया गठबंधन – मायावती