सेवाग्राम, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने मंगलवार को कहा कि मोदी सरकार देश में बंटवारे, भय और घृणा का वातावरण पैदा कर रही है। ऐसी सरकार के खिलाफ नया स्वतंत्रता संग्राम शुरू किया जाएगा। बैठक में दो प्रस्ताव भी पारित किए गए।
मुख्य विपक्षी दल की शीर्ष नीति निर्धारण इकाई सीडब्ल्यूसी ने दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर किसानों पर लाठीचार्ज की निंदा भी की। कार्य समिति की बैठक में दो प्रस्ताव पारित किए गए। पहला प्रस्ताव बंटवारे, भय के खिलाफ और दूसरा प्रस्ताव किसानों पर बर्बरता की निंदा करते हुए पारित किया गया।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के अनुसार, कार्य समिति में पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सदैव बापू की विचारधारा के विरुद्ध षड्यंत्र किया है। आज वही पाखंडी ताकतें, सत्ता की स्वार्थ सिद्धि के लिए बापू की विचारधारा अपनाने का ढ़ोंग रच रही है। सच्चाई यह है कि आरएसएस ने नफरत, बंटवारे और घृणा का वातावरण बनाया गया था और उसी के परिणामस्वरूप राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की दुखद हत्या हुई।
लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलित देते हुए कांग्रेस कार्यसमिति ने जोर देते हुए कहा कि जय जवान, जय किसान एक नारा नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के लिए जीवन पद्धति का मार्ग है। उसने कहा कि समय की मांग है कि एक नए स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत सेवाग्राम से हो। एक ऐसी मोदी सरकार के खिलाफ जिसने देश में बंटवारे और पूर्वाग्रह का वातावरण पैदा किया है, जिसकी राजनीति का आधार भय व डर है, जिसकी कार्यशैली ध्रुवीकरण पर आधारित है, जिसकी सोच हर आवाज को दबाने व हर विरोध का गला घोंटने की है, जिसका चरित्र हिन्दुस्तान के बहुलतावाद को समाप्त कर उन्माद फैलाने का है। कार्यसमिति ने कहा कि आप बापू के चश्मे से प्रचार पा सकते हो। लेकिन, उनके सिद्धांतों को अपनाए बिना उनके आदर्शों पर अमल नहीं कर सकते। देश के दाहरे चरित्र वालों को बेनकाब किया जाएगा।
सेवाग्राम से कांग्रेस का मोदी सरकार के खिलाफ नये स्वतंत्रता संग्राम का एलान