इलाहाबाद,अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की मांग लेकर जारी संतों के अनशन पर एक बड़ा बयान देते हुए राज्य के डेप्युटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राम मंदिर का मामला सुप्रीम कोर्ट के विचाराधीन है और इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। इलाहाबाद में पत्रकारों के सवाल के सवाल पर मौर्य ने कहा कि मैं संतों को आदर के साथ प्रणाम करता हूं और उनका सम्मान करता हूं लेकिन यह मुद्दा कोर्ट के विचाराधीन है जिसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि, रामभक्त होने के नाते मुझे प्रसन्नता है कि सुप्रीम कोर्ट 29 अक्टूबर से इस मामले की रोजाना सुनवाई कर रहा है, ऐसे में मुझे यह विश्वास है कि जल्द ही इस पर फैसला भी आएगा और अयोध्या में मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त होगा। मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से ही संतों और राम भक्तों का सपना पूरा होगा। मंदिर निर्माण को लेकर प्रवीण भाई तोगड़िया के लखनऊ से अयोध्या पद यात्रा निकाले जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि, उनसे कोई लेना-देना नहीं है। वहीं कुंभ के पहले इलाहाबाद शहर का नाम बदलने के विषय पर केशव ने कहा कि सरकार अभी इस मामले पर विचार कर रही है। लखनऊ में हुए विवेक तिवारी हत्याकांड को लेकर डेप्युटी सीएम ने कहा कि, सरकार मामले में कार्रवाई कर रही है। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है और पीड़ित परिवार की मदद भी की जा रही है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आगे भी कार्रवाई की जायेगी।
राम मंदिर का मामला सुप्रीम कोर्ट में, सरकार की कोई भूमिका नहीं: मौर्य