बसना में बिजली के चार उपकेंद्र लोकार्पित

महासमुंद, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रविवार को राज्य के विकासखंड मुख्यालय बसना में जनता को 253 करोड़ 89 लाख रुपए के 47 निर्माण कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इनमें से 14 करोड़ 66 लाख रुपए के पूर्ण हो चुके 11 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 239 करोड़ 22 लाख रुपए के 36 नये स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री के हाथों जिन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास हुआ उनमें प्रमुख रूप से 50 करोड़ की लागत से पुल-पुलियों सहित बनने वाला गढफुलझर से नानक सागर मार्ग और 49 करोड़ की लागत से करमेल नाले पर बनने वाला पुल भी शामिल है। डॉ. सिंह ने इसके अलावा 33/11 केव्ही क्षमता के चार विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया।
सिंह ने विगत 15 वर्षों में राज्य में गांव, गरीब और किसानों तथा समाज के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। डॉ. सिंह ने इन उपलब्धियों का श्रेय प्रदेश की मेहनतकश जनता को दिया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में सरकार जनता के बीच पहुंचकर अपने 15 वर्षों के कामकाज का हिसाब दे रही है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार किसानों के लिए धान के समर्थन मूल्य में 200 रूपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की है। इससे अब इस बार कामन धान 1750 रुपए और ए-ग्रेड धान 1770 रुपए में खरीदा जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ सरकार 300 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस देगी। इस प्रकार हमारे किसानों को इस वर्ष धान पर प्रति क्विंटल 2 हजार 50 रुपए की राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा- राज्य सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों को लगभग 750 करोड़ रुपए का बोनस दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *