मुंबई,बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन इन दिनों फिल्म तानाजी की शूटिंग में व्यस्त हैं। अजय ने खुद ही फिल्म तानाजी के मुहूर्त शॉट की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। इस फिल्म में अजय वॉरियर की भूमिका में नजर आने वाले हैं। अजय ने शूटिंग की जानकारी ट्विटर और इंस्टाग्राम दी है, जिसे देखते हुए उनके फैंस खासे उत्साहित हैं। यहां आपको बतलाते चलें कि फिल्म ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर’ का निर्देशन ओम राउत कर रहे हैं। वैसे इस फिल्म पर वे जुलाई 2017 से काम कर रहे हैं और उनके साथ ही भूषण कुमार फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। जहां तक फिल्म रिलीज होने की बात है तो यह नवम्बर 2019 में बड़े पर्दे पर आ सकती है। यह फिल्म 1670 में हुए सिंहगढ़ युद्ध पर आधारित है, जिसमें तानाजी मालुसरे ने पूरे दमखम के साथ युद्ध किया था। इस फिल्म में अजय देवगन छत्रपति शिवाजी महाराज के सूबेदार तानाजी मालुसरे की भूमिका में नजर आने वाले हैं। हाल ही में अजय ने फिल्म का पोस्टर भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था और बतौर कैप्शन लिखा था कि ‘वह लड़ा अपने लोगों, अपनी मिट्टी और अपने किंग छत्रपति शिवाजी महाराज के लिए। भारतीय इतिहास का एक जाबांज योद्धा। सूबेदार तानाजी मालुसरे।’ अब देखना यह होगा कि तानाजी कब तक पूरी होती है और इससे अजय को कितनी सफलता हासिल होती है।
तानाजी में योद्धा के रोल में नजर आएंगे अजय