ओलांद के स्पष्टीकरण के बाद राफेल करार पर संदेह करना ठीक नहीं : राजनाथ

लखनऊ,केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल सौदे को लेकर भाजपा पर हमलावर कांग्रेस पर आरोप लगाया कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलोंद के स्पष्टीकरण के बाद अब इस मामले का पटाक्षेप हो चुका है। सिंह ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक के बाद एक सवाल के जवाब में कहा कि राफेल सौदे को लेकर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ओलोंद का स्पष्टीकरण आ चुका है। अब इस मामले में संदेह नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि अगले लोकसभा चुनाव में फायदा लेने की मंशा से यह पार्टी बिना बात के मुद्दे को मुद्दा बना रही है। सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं रह गया है इसीलिए वह राफेल मामले को बेवजह मुद्दा बना रहा है। गृह मंत्री ने एक अन्य सवाल पर कहा कि कश्मीर की समस्या बढ़ नहीं रही है, बल्कि उन्हें विश्वास है कि यह मसला जरूर हल होगा। उन्होंने कहा हम सब से बात करने को तैयार हैं। जहां तक आतंकवाद का सवाल है तो सभी सुरक्षा एजेंसियां परस्पर तालमेल के साथ काम कर रही हैं।
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कश्मीर का आतंकवाद पूरी तरह से पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित है। सिंह ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों का जिक्र करते हुए कहा कि बैठक में 22 में से 20 बिंदुओं को सुलझा लिया गया। बाकी दो मुद्दों को अगली बैठक में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी संघवाद की भावना के अनुरूप इस बैठक का आयोजन किया गया था। गृह मंत्री ने बताया कि पिछले सवा चार साल में इन परिषदों की हुई 12 बैठकों में 680 मुद्दों पर विचार हुआ और उनमें से 428 का हल निकाला जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *