बच्चों के साथ सख्त व्यवहार भी जरूरी, हमेशा हां कहना संभव नहीं-काजोल

मुंबई,बॉलीवुड की प्रख्यात अभिनेत्री काजोल का कहना है कि बच्चों के संतुलित विकास के लिए उनके साथ सख्ती किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह अपने बच्चों पर सख्ती करती हैं, लेकिन उनके पति अजय देवगन उन्हें बिगाड़ने की जिम्मेदारी निभाते हैं। काजोल ने एक कार्यक्रम में कहा कि वह एक हिटलर मां हैं। बच्चों के प्रति वह बहुत सख्ती बरतती हैं, लेकिन देवगन उतने सख्त नहीं हैं, लेकिन अब वह भी धीरे-धीरे बदल रहे हैं। उन्हें अब एहसास हो गया है कि समयानुसार सख्त बनना भी जरूरी होता है। वह बच्चों को ‘न’ कहने के लिए हमेशा मां की तरफ नहीं देख सकते।
काजोल ने कहा कि बच्चों की परवरिश करने की कोई नियमावली नहीं होती और कोई प्रशिक्षण भी इसमें आपकी सहायता नहीं कर सकता। काजोल ने कहा टीवी और फिल्मों ने एक आदर्श मां की तस्वीर गढ़ दी है। पहली बार मां बनी कई महिलाएं यह हासिल करने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा एक आदर्श है। एक अच्छी मां खाना बनाती है, यह करती है, वह करती है। अपने बच्चों के लिए अपनी जिदंगी कुर्बान करती है। अगर आपका बच्चा सोचता है कि आप एक अच्छी मां हैं तो यह राय मायने रखती है।
अभिनेत्री ने कहा कि सोशल मीडिया ने सबकुछ बदल दिया है और इसके प्रभाव से कोई भी अपने बच्चों को बचा नहीं सकता है। यौन उत्पीड़न के खिलाफ प्रसिद्ध ‘मीटू आंदोलन’ के बॉलीवुड से गायब रहने पर काजोल ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ सिनेमा जगत में नहीं बल्कि सभी क्षेत्रों में होना चाहिए। उन्होंने कहा इसे सभी उद्योगों में अपनाए जाने की जरूरत है। यह एक उद्योग की समस्या नहीं है। सिर्फ इसलिए कि बॉलीवुड सुर्खियों में रहता है इसलिए आपसे बोलने की उम्मीद की जाती है। उन्होंने कहा आपको उस बर्ताव के लिए शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है, जिसका सामना आपको करना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *