इंडोनेशिया के बाली द्वीप में छोटे कपड़ों में मंदिर जा कर पवित्रता नष्ट करने वाली महिलाओं पर लगेगा प्रतिबंध

कंबोडिया,इंडोनेशिया वैसे तो दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम मुल्क है, लेकिन उसका एक द्वीप बाली सबसे खूबसूरत हिंदू मंदिरों के लिए जाना जाता है। इन अद्वितीय मंदिरों को देखने के लिए पूरी दुनिया से लोग आते हैं। बाली प्रशासन ने तय किया है कि अब वह ऐसे विदेशी पर्यटकों के मंदिर में आने पर प्रतिबंध लगा देगा, जो धार्मिक भावना का ख्याल नहीं रखते।
बाली प्रशासन उन विदेशी पर्यटकों को मंदिर में अब प्रवेश नहीं देगा, जो छोटे कपड़ों में वहां पहुंचते हैं। ऐसे पर्यटकों के विरुद्ध सख्ती की जाएगी, जो मंदिर के सामने बिकनी में ही फोटो खिंचाने लगते हैं।
बाली के डिप्टी गवर्नर जोकोरदा ओका आर्था सुकावाती ने कहा, हाल में देखा गया है कि यहां आने वाले विदेशी पर्यटक पवित्र मंदिर की भावना का ख्याल नहीं रखते। वे अपने व्यवहार से मंदिर का अपमान करते हैं। रीजनल काउंसिल की मीटिंग में सुकावाती ने कहा यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह पूरा (मंदिर) की पवित्रता का ख्याल रखे। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम बाली की संस्कृति और मंदिर की पवित्रता को उसी रूप में बनाए रखें।
उन्होंने कहा, अगले सप्ताह वह इस तरह के टूरिस्ट को रोकने के लिए नए नियम बनाएंगे। बाली दुनिया में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। सन 2017 में ही यहां पर 50 लाख से ज्यादा विदेशी पर्यटक पहुंचे हैं। यहां पर सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र यहां के हिंदू मंदिर हैं। कुछ समय पहले बाली में लिंगीह पदमासन मंदिर के सामने डेनमार्क की युवती के ऐसे ही आपत्तिजनक फोटो के वायरल होने पर प्रशासन की काफी किरकिरी हुई थी। इसके बाद से स्थानीय प्रशासन ने यह कदम उठाने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *