मोदी कल आएँगे इंदौर,सैफी मस्जिद में बिताएंगे आधा घंटा,सुरक्षा एजेंसियां हैं बेहद सतर्क

इंदौर,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल शुक्रवार 14 सितंबर को कुछ समय के लिए इंदौर आ रहे हैं। पीएम मोदी यहां बोहरा समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु के वाअज (प्रवचन) में शामिल होंगे। पीएम मोदी कार्यक्रम स्थल सैफी मस्जिद पर 30 मिनट रुकेंगे। इस दौरे पर खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर पीएम मोदी की सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जा रहा है । सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और विशेष एहतियात बरते जा रहे हैं। पुलिस ने पंडाल में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की निगरानी शुरू कर दी है। डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र के मुताबिक पीएम की सुरक्षा व्यवस्था फोर लेयर कर दी गयी है। सुरक्षा के चारों चक्र से गुजरने के बाद ही लोग पंडाल में प्रवेश पा सकेंगे। कार्यक्रम में आने वाले व्यक्ति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। जिस पंडाल में कार्यक्रम होगा वहां जर्मन टेक्नोलॉजी से लैस 125 कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की मदद से लोगों के नाखून तक देखे जा सकेंगे। प्रधानमंत्री के आने और जाने के समय कुल 20 मिनट के लिए इंदौर नो फ्लाइंग जोन होगा। बोहरा समाज के इतिहास में ये पहला मौका है जब उनके कार्यक्रम में शामिल होने कोई प्रधानमंत्री आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *