महिला ने अपने सभी बच्चों को ट्रेन में दिया जन्म, देर तक रुकी रही रेल

मुंबई,अगर आपसे ये कहा जाए कि एक महिला ने अपने सभी बच्चों को जन्म ट्रेन में ही दिया है, तो आप इस बात पर शायद ही विश्वास करें। हम आपसे ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि महाराष्ट्र के कोल्हापुर की रहने वाली एक महिला ने अपने तीसरे बच्चे को जन्म एक ट्रेन में दिया। जच्चा-बच्चा दोनों को रायबाग स्टेशन से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मां-बेटे दोनों स्वस्थ हैं। सबसे ज्यादा हैरानी की बात तो ये है कि एक साल पहले उसके दोनों बच्चों का जन्म भी ट्रेन में ही हुआ था। महिला का ये तीसरा बच्चा है। उसका एक बेटा और एक बेटी पहले से हैं।
23 वर्षीय यल्लवा मयूर गायकवाड़ कोल्हापुर की रहने वाली है। महिला अपनी ननद के साथ सोमवार की सुबह रायबाग जाने के लिए हरिप्रिया एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सफर कर रही थी। रायबाग से 15 किलोमीटर पहले ही महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला की हालत देख अन्य यात्रियों ने अपनी-अपनी सीट खाली कर दी। जल्द ही कोच के हिस्से को पूरी तरह कपड़ों से ढक दिया गया। घटना की जानकारी तुरंत रेलकर्मियों को दी गई, जिसके बाद बच्चे का जन्म होने तक करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन को रोक कर रखा गया। महिला का प्रसव उसकी ननद और एक अन्य महिला ने कराया। बच्चे के जन्म के बाद ट्रेन फिर से खुली और रायबाग स्टेशन पर रुकी, जहां महिला और उसके बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल महिला और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
यल्लवा गायकवाड़ अपने पति और बच्चों के साथ कोल्हापुर में एक किराए के घर में रहती हैं। उनके पति मजदूरी का काम करते हैं, जबकि महिला दूसरों के घरों में साफ-सफाई और खाना बनाने का काम करती हैं। बता दें कि एक साल पहले भी यल्लवा ने महाराष्ट्र के बॉर्डर पर बने हातकणंगले रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में दो बच्चों को जन्म दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *