भिलाई,कृष्णानगर निवासी बसंत सेन की बुधवार को हत्या करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा की मांग को लेकर सेन समाज के लोगों ने गुरूवार को फिर सुपेला थाने का घेराव दिया। घटना के चौबीस घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर लोगों ने बुधवार भी अपनी नाराजगी जताई थी और गुरूवार को पुन: थाना घेराव के दौरान चक्काजाम करने की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी।
ज्ञाव्तय हो कि सुपेला थाना के वार्ड क्रमांक-चार के कृष्णा नगर निवासी बसंत सेन (42 वर्ष) की बुधवार की सुबह निगम ठेकेदार महावीर और उसके बेटे भुवनेश्वर तथा रोहित ने लात घूसों से पीटकर हत्या कर दी थी। बसंत सेन पीली मिट्टी चौक सुपेला में सेलून चलाता था। हत्या को चौबीस घंटे से अधिक बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से सेन समाज के लोग बेहद आक्रोशित है। गुरूवार को दोपहर 12 बजे के आसपास सेन समाज के जिला अध्यक्ष विनोद सेन के नेतृत्व में 50 से 60 लोगों ने सुपेला थाने का घेराव कर आरोपियों को गिरफ्तार करने एवं प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महावीर निगम से घर-घर शौचालय योजना के तहत शौचालय बनाने का ठेका लेता है। मृतक के घर पर पहले से ही शौचालय बना हुआ था। पुराने शौचालय का रंग रोगन कर नया बनाया जाना प्रदर्शित करते हुए महावीर ने निगम से 19 हजार रुपए भुगतान पास कराने तथा उसमें से आधी रकम मृतक को देने की बात कही थी। बसंत सेन उसी रकम को महावीर से मांग रहा था।
हत्या के आरोपियों को पकड़ने और मुआवजे की मांग पर थाने का घेराव