सतना, सतना जिले के आदिवासी बहुल इलाके परसमनिया पठार में डायरिया का प्रकोप फैला हुआ है जिसके चलते पिछले दस दिनों में 4 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। पिछले 10 दिनों में 4 लोगों की मौत के साथ-साथ लगभग 50 अन्य लोग भी बीमार बताए जा रहे हैं। इनमें से 10 लोगों की हालत गंभीर होने से गांव में दहशत फैली हुई है। गांव वालों की यह हालत प्रदूषित पानी पीने के कारण हुई। गांव तक पहुंचने का रास्ता न होने से इस गांव के लोगों को समय से उपचार नहीं मिल सका।
वहीं गांव वालों का कहना है कि गांव में पिछले एक महीने से हालत खराब है। करीब 50 लोग बीमार हैं, लेकिन पिछले तीन दिनों में हालत बेकाबू होने पर गांव में सरकारी अमला बमुश्किल पहुंच सका है। सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े यहां के ग्रामीणों की हालत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि डायरिया जैसी बीमारी में जब 4 ग्रामीणों की मौत हो गई, तब जाकर प्रशासनिक अमला जाग सका और गांव पहुंचकर डायरिया की दवाई वितरित की गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर तीन दिन बाद ट्रैक्टर में बैठकर गांव पहुंच सकी। सतना जिले की पुरैना ग्राम पंचायत का देवरी और चौतरिहा गांव इतना दुर्गम स्थान है, कि यहां 21वीं सदी में भी बमुश्किल पहाड़ी रास्ते से 10 से 12 किलोमीटर पैदल चलकर जाना पड़ता है। गांव वाले गंभीर मरीज को कंधे पर कई किलोमीटर लादकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परसमनिया तक पहुंच पाते हैं। गांव जाने के लिए पहाड़ी नालों पर पुल न होने की वजह से जरूरत पड़ने पर भी एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकती।
सतना जिले में डायरिया से 10 दिन में चार लोगों की मौत