कुक ने की संन्यास की घोषणा

साउथेंपटन,इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज एलिस्टर कुक ने आंखिरकार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने की घोषणा कर दी है। भारत के खिलाफ ओवल में होने वाले आखिरी टेस्ट मैच के बाद कुक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलेंगे। पिछले कुछ समय से वह रन नहीं बना पा रहे थे और उनके संन्यास की अटकलें लगायीं जा रहीं थी।
कुक ने इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा 160 टेस्ट मैचों में अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में अभी तक 12254 रन बनाए हैं। ओवल टेस्ट उनका 161 टेस्ट मैच होगा। कुक इस दौरान खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। टीम में उनके स्थान को लेकर भी काफी सवाल उठाए जाने लगे थे। भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भी वह रन बनाने में असफल रहे हैं। वह हालांकि एसेक्स के लिए काउंटी क्रिकेट में खेलते रहेंगे। कुक ने एक बयान जारी कर कहा, ‘पिछले कुछ महीनों में काफी सोच विचार के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। भारत के खिलाफ ओवल टेस्ट मेरे करियर का आखिरी टेस्ट मैच होगा।’
उन्होंने कहा, ‘हालांकि यह एक दुखभरा दिन है लेकिन मैं अपने चेहरे पर खुशी के साथ यह बात कह सकता हूं क्योंकि मैं जानता हूं कि मैं अपना सब कुछ दे दिया है और मेरे पास अब देने के लिए कुछ नहीं बचा है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने जो हासिल किया उसके बारे में मैंने कभी विचार भी नहीं किया था। इतने लंबे समय तक इंग्लैंड टीम के दिग्गजों के साथ खेलकर मैं गर्व महसूस कर रहा हूं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *