विजय माल्या प्रत्यर्पण मामले में CBI ने ब्रिटेन की अदालत में जेल सेल का विडियो पेश किया

नई दिल्ली, भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यर्पण मामले में सीबीआई ने लंदन की अदालत में अहम दस्तावेज के रूप में जेल सेल का विडियो पेश किया है। दरअसल विजय माल्या ने ब्रिटेन की अदालत में कहा था कि ऑर्थर रोड जेल के 12 नंबर बैरक में पर्याप्त प्राकृतिक प्रकाश भी नहीं है। माल्या के इस दावे को झुठलाने के लिए सीबीआई ने आठ मिनट का विडियो मैजिस्ट्रैट की अदालत में पेश किया। सूत्रों ने बताया कि विडियों में साफ दिखाया गया है कि बैरक नंबर 12 में पर्याप्त प्रकाश है। यह इतनी बड़ी है कि माल्या इसमें टहल भी सकते हैं। बैरक में नहाने की जगह, एक पर्सनल टॉइलट और एक टेलिविजन सेट है। कोर्ट को बताया गया कि माल्या को वहां साफ बिस्तर, कंबल और तकिया भी दिया जाएगा।
इस विडियो डॉक्युमेंट्री में दिखाया गया है कि बैरक की खिड़कियों में सलाखें हैं और यह ईस्ट फेसिंग है। इसकी वजह से कॉरिडोर से होकर इसमें प्राकृतिक रौशनी और हवा आती है। एक अधिकारी ने बताया कि माल्या को इनके अलावा दूसरे कैदियों की तरह लाइब्रेरी की सुविधा भी दी जाएगी। विडियो के द्वारा कोर्ट को बताया गया कि बैरक नंबर 12 का कंपाउंड अलग है और इसमें 6 लोगों को रखने की क्षमता है। ब्रिटेन की अदालत ने 31 जुलाई को भारतीय अधिकारियों से उस बैरक का विडियो बनाकर भेजने को कहा था जिसमें माल्या को रखने की योजना है। भारत ने इससे पहले ब्रिटेन की अदालत को यह भी जानकारी दी थी कि ऑर्थर जेल की सुरक्षा व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों की बराबरी करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *