बलिया की मतदाता सूची में सनी लियोनी का फोटो,तबादले से नाराज ऑपरेटर ने हाथी, मोर और कबूतर के फोटो भी लगाए

बलिया, मुंबई निवासी अभिनेत्री सनी लियोनी का फोटो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की मतदाता सूची में दिखाई दे रहा है। इस मामले में निर्वाचन आयोग ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिये हैं। निर्वाचन आयोग का कहना है कि फेहरिस्त में व्याप्त गलतियों को ठीक कर लिया गया है। अब अंतिम सूची में संबंधित मतदाताओं की सही तस्वीर प्रकाशित होगी। वहीं, बलिया के अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंघल ने शनिवार को बताया कि डाटा ऑपरेटर विष्णु वर्मा ने अपने स्थानांतरण से नाराज होकर बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में सात नामों में गड़बड़ी करते हुए मतदाता के फोटो के स्थान पर सनी लियोनी, हाथी, मोर और कबूतर के फोटो लगा दिये हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी ऑपरेटर ने 361 बलिया नगर सामान्य विधानसभा क्षेत्र के मतदाता पुनरीक्षण सूची 2018 के परिशिष्ट संख्या 2 के क्रमांक 906 यू बी क्यू 2878866 में दुर्गावती सिंह के नाम के सामने सनी लियोनी का फोटो लगा दिया है। इसी तरह प्रदेश की पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे नारद राय के क्रमांक 1174 यू बी क्यू 2299832 पर उनकी फोटो के स्थान पर हाथी की तस्वीर लगा दी है। इसके अलावा, कुंवर अंकुर सिंह के नाम के आगे हिरन और कुंवर गौरव के नाम के आगे कबूतर का फोटो अपलोड कर दिया है। सिंघल ने बताया कि ऑपरेटर विष्णु वर्मा आउटसोर्सिंग के जरिये नियुक्त है।
जिला प्रशासन ने संबंधित संस्था को पत्र लिखकर वर्मा को बर्खास्त करने की संस्तुति की है। मतदाता सूची की इस गड़बड़ी की जानकारी चुनाव आयोग को दे दी गयी है और फेहरिस्त में हुई गलती को दुरुस्त कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *