अस्पताल से कैदी फरार, चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

सतना, मध्यप्रदेश के सतना जिले में इलाज के लिए लाया गया सजायाफ्ता कैदी हथकड़ी काटकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कैदी का नाम अजय मिश्रा है, जो 307 के मामले में सेंट्रल जेल सतना में सजा काट रहा था। पांच दिन पहले ही उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।पुलिस को कैदी के बेड से आरी और ब्लेड मिली है। एसपी ने इस लापरवाही के चलते चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
वहीं उस पर दस हजार का इनाम घोषित किया है। दरअसल, घटना मंगलवार देर रात की है। पांच दिन पहले 307 के मामले में सेंट्रल जेल सतना में सजा काट रहे कैदी अजय मिश्रा को हार्ट की शिकायत होने पर जिला अस्पताल लाया गया था। कैदी अजय मिश्रा को हथकड़ी लगाकर वार्ड नं. – 10 बेड न.- 22 पर रखा गया था,जहाँ चार पुलिसकर्मी की सुरक्षा पर रखे गए थे। बीती रात करीब 3 बजे कैदी अजय हथकड़ी काटकर अस्पताल से फरार हो गया। हैरानी की बात तो ये है कि इस दौरान सुरक्षाकर्मी सोते रहे। बताया जा रहा है कि इसमें पुलिसकर्मियों और अस्पताल प्रबंधन ने उसकी मदद की है। फरार होने से जेल सुरक्षाकर्मियों पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं,वहीं सवालों के घेरे में सतना जिला अस्पताल प्रबंधन भी आ गया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस को उसके बेड से आरी और ब्लेड मिली है। वहीं एसपी ने इस लापरवाही के चलते कैदी की निगरानी में तैनात चार पुलिसकर्मी प्रधान आरक्षक सर्वेश रावत, आरक्षक प्रशांत परौहा ,सुदेश मिश्रा और आरक्षक देवेन्द सिंह को निलंबित कर दिया है । इसके अलावा पुलिस जगह- जगह छापेमारी करके फरार कैदी की तलाश कर रही है। कैदी अजय पर दस हजार का इनाम भी घोषित किया गया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *