दो साल बाद पर्दे पर दिखे अभिषेक, तापसी-विक्की की केमिस्ट्री ने खींचा ध्यान

मुंबई,अनुराग कश्यप की बहुप्रतीक्षित फिल्म मनमर्जियां का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह एक रोमांटिक ड्रामा है। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन लंबे समय बाद स्क्रीन पर वापसी कर रहे हैं। तापसी पन्नू और विक्की कौशल भी लीड रोल में हैं। फिल्म को आनंद एल राय और फैंटम फिल्मस ने निर्मित किया है। मनमर्जियां इस साल 14 सितंबर को रिलीज होगी। फिल्म के टाइटल की ही तरह दर्शकों को इसमें रोमांस के ताने-बाने के बीच होती ढेरों मनमर्जियां होती दिखेगी। ट्रेलर काफी मजेदार बन पड़ा है। विक्की कौशल और तापसी पन्नू की केमिस्ट्री आकर्षित करती है। संजू में सीधे-सादे कमली के रोल में दिखे विक्की कौशल इस मूवी में पंजाबी रोमियो के अंदाज में दिख रहे हैं। उनके लुक में भी काफी बदलाव किया गया है। वहीं अभिषेक बच्चन को कई सालों बाद फिर से पर्दे पर देखना उनके प्रशंसकों के लिए सुखद घटना साबित हो सकती है।
मनमर्जियां में पंजाब की लव स्टोरी दिखाई गई है, जिसमें विक्की कौशल मस्तमौला आशिक के रोल में हैं। तापसी उनकी गर्लफ्रेंड के रोल में हैं। लेकिन कहानी में तब ट्विस्ट आता है जब तापसी की जिंदगी में अभिषेक बच्चन की एंट्री होती है। तापसी के घरवाले अभिषेक के साथ उनका रिश्ता तय करते हैं और उनकी शादी हो जाती है। अब देखना होगा कि विक्की कौशल, अभिषेक बच्चन और तापसी पन्नू की इस ट्राएंगल लव स्टोरी का क्या अंजाम होता है। मूवी इमोशन, रोमांस, ड्रामा, कॉमेडी से भरपूर है। इस फिल्म से अभिषेक बच्चन करीब 2 साल फिल्मी पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। इससे पहले वे हाउसफुल-3 में दिखे थे। मनमर्जियां में वे एक सिख किरदार निभा रहे हैं। यह प्रोजेक्ट उनके कैरियर के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। मूवी में वे अपने एक्सप्रेशन से ज्यादा बातें करते दिखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *