भिलाई,दोस्त की हत्या कर थाने पहुंचे युवक के कारण सोमवार को खुर्सीपार पुलिस घनचक्कर की तरह घूमती रही। युवक ने रात में शराब पार्टी के बाद हुए विवाद के बाद अपने दोस्त की हत्या कर लाश को स्टीलपेटी में बंद कर खुर्सीपार के तेल्हा नाले में फेंक दिया। खून से लतपत बेटे करे देख पिता ने खुर्सीपार थाने में शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने रात में ही युवक को हिरासत में लिया और सोमवार सुबह शव ढ़ूंढने का सिलसिला शुरू हुआ। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को कामयाबी मिली। स्टीलपेटी में बंद शव तेल्हानाले में पाइप के नीचे फंसा मिला। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
खुर्सीपार पुलिस के मुताबिक राजेन्द्र नगर खुर्सीपार निवासी चंद्र कुमार ने बताया कि वह और उसका दोस्त विक्की रात को अपने घर पर शराब पी रहे थे। इस दौरान विक्की ने शराब के नशे में चंद्र कुमार के पिता को जान से मारने की बात कह दी। इस बात से नाराज होकर चंद्र कुमार ने विक्की को फर्निचर के लिए लकड़ी छीलने वाले पटासे से वार कर दिया। इस वार से विक्की की मौत हो गई। चंद्र कुमार ने बताया कि उसने विक्की की लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसे एक स्टील की पेटी में बंद किया और तेल्हा नाला में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि मृतक विक्की पेशे से ट्रेलर चालक है और आधिक समय ट्रेलर में ही बिताता था। रविवार को वह चंद्र कुमार से मिला और दोनों से शराब पार्टी की।
हत्या कर शव नाले में फेंका
खुर्सीपार राजेन्द्र नगर तेल्हा नगर निवासी चंद्र कुमार ने अपने दोस्त की हत्या कर दी। पिता की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की कहे अनुसार शव को तेल्हा नाले में तलाश कर बरामद किया गया है।
गोपाल वैश्य , प्रभारी खुर्सीपार थाना