कांग्रेस में सीएम पद को लेकर कोई विवाद नहीं : गहलोत

जयपुर,मुख्यमंत्री पद के चेहरा को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि इस बारे में कोई भी फैसला करने का अधिकार केवल पार्टी आलाकमान को है। गहलोत ने कहा उनकी प्राथमिकता कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की है। मुख्यमंत्री जैसे पद का मुद्दा इसके बाद आता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस में पद को लेकर कोई विवाद नहीं है। इस फिजूल के विवाद को भाजपा तूल देने की कोशिश कर रही है। उल्लेखनीय है कि पार्टी के एक नेता लालचंद कटारिया ने राज्य में अगले दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव में गहलोत को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित करने की मांग की थी। इस मसले पर गहलोत ने कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई विवाद नहीं है। इन दिनों मेरी प्राथमिकता कांग्रेस को मजबूत बनाना है। किसी पद का मुद्दा इसके बाद आता है। मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं, कि पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे जिम्मेदारी से निभाऊगा।
उन्होंने कहा अगर अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी जीतती है तो मुख्यमंत्री पद के दावेदार का फैसला विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की राय पर आलाकमान करेगा। गहलोत ने कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के दावेदार का आधारहीन विवाद पैदा करने के लिए सत्तारूढ भाजपा पर निशाना साधा। राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर निशाना साधते हुए गहलोत ने कहा कि प्रदेश की जनता उनसे नाराज है। वे राज्य की जनता से किए वायदों पर खरी नहीं उतरी हैं। उन्होंने राज्य की जनता को धोखा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *