लखनऊ, कैनेडियन रैपर ड्रेक के ‘किकी डू यू लव मी’ गाना आजकल युवाओं में खूब लोकप्रिय हो रहा है। सोशल मीडिया पर इस गाने पर डांस मूव्स दिखाते हुए खूब विडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। युवाओं का यह उत्साह पंजाब और उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए यह सिरदर्द बन चुका है। पुलिस की तरफ से सोशल मीडिया पर अभियान चलाए जा रहे हैं, जहां पर लोगों को खतरनाक डांस स्टेप न करने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दरअसल यह सोशल मीडिया डांस चैलेंज (किकी चैलेंज) बन चुका है, जिसमें लोग चलती गाड़ी से उतरकर डांस स्टेप करते हैं। उसके बाद उन्हें वापस चलती गाड़ी में ही बैठना होता है। इस दौरान गाड़ी की रफ्तार 10 किमी प्रति घंटे ही रहती है।
यह बेहद खतरनाक है और डांस के दौरान कई तरह के हादसे हो चुके हैं। इस बारे में जागरूक करते हुए पंजाब पुलिस के बाद अब यूपी पुलिस ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को चेतावनी देनी शुरू की है। गाने से लिरिक्स से खेलते हुए यूपी पुलिस ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘डियर पैरंट्स, किकी आपके बच्चे से प्यार करे या नहीं लेकिन हम जानते हैं कि आप जरूर उसे प्यार करते हैं। इसलिए, कृपया किकी चैलेंज को छोड़कर, जीवन की हर चुनौतियों में अपने बच्चों के साथ खड़े रहें।’
इस खतरनाक डांस का चैलेंज लेकर विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करना चिंता का विषय है। यह ट्रेंड पंजाब में लगातार बढ़ रहा है। इसे पूरा करने के लिए पंजाब के युवा खतरनाक स्टंट्स भी कर रहे हैं। पंजाब के युवा तो इन माय फीलिंग्स के पंजाबी वर्जन के साथ भी आ गए हैं। इससे पहले मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस ने किकी चैलेंज को लेकर चेतावनी दी है। पुलिस ने कहा कि ऐसा करने वालों का चालान काटने से लेकर गिरफ्तारी तक की जा सकती है। स्पेन, यूएस, मलेशिया और यूएई जैसे देशों की पुलिस ने लोगों को इस चैलेंज से खतरे पर चेतावनी जारी की है।
उल्लेखनीय है कि इस चैलेंज के तहत लोग ड्रेक के सॉन्ग पर गाड़ी से उतरकर चलती गाड़ी के साथ डांस करते हैं। दिलचस्प बात यह है कि कैनेडियन रैपर ड्रेक के सॉन्ग इन माई फीलिंग्स के विडियो में कहीं भी ऐसा डांस नहीं है। यह गाना ड्रेक के स्कॉर्पियन ऐलबम से है। इसमें गाने की लाइन है ‘किकी डू यू लव मी?’ लोग इस चैलेंज को स्वीकार करके चलती गाड़ी के साथ डांस करते हैं। इस दौरान उन्हें अपने पैरों की स्पीड और ट्रिक्स का भी ध्यान रखना होता है।
बीते दिनों एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही ने लाल साड़ी में इस चैलेंज को लिया था, वहीं अब अभिनेत्री अदा शर्मा ने नागिन अवतार में इस चैलेंज को पूरा किया है। हालांकि, अच्छी बात यह है कि अदा गाड़ी के साथ डांस तो कर रही हैं, लेकिन गाड़ी चल नहीं रही है। दरअसल, चलती गाड़ी के साथ सड़क पर डांस करने के कारण दुनियाभर से कई हादसे की खबरें सामने आई हैं।
यूपी पुलिस के लिए ‘चैलेंज’ बना कनाडियाई रैपर ड्रेक का ‘किकी डांस’