ब्राजील में भीषण सड़क हादसे में गर्भवती मां की मौत, आजन्मी बच्ची जिंदा बची

ब्राजील,जाको राखे सांईया मार सके न कोय, कहावत तो आपने सुनी ही होगी। यानि, जिसको बचाने वाला ऊपर वाला हो उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। ऐसा ही एक मामला ब्राजील में सामने आया है। यहां एक भीषण सड़क हादसे में गर्भवती महिला की मौत हो गई, मगर उसकी अजन्मी बच्‍ची सुरिक्षत बच गई। ब्राजील के साओ पाउलो और क्‍यूरिटिबा के बीच एक ट्रक पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। मामला शनिवार का बताया जा रहा है। ट्रक लकड़ी की बल्लियां लेकर जा रहा था। उस दौरान ट्रक में एक गर्भवती महिला भी मौजूद थी। वह 39 हफ्ते की गर्भवती थी। हादसे में उस महिला की भी मौत हो गई। घटनास्‍थल पर पहुंची पुलिस ने बताया कि महिला ने शायद ट्रक में लिफ्ट ली थी। हादसे की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बल्‍लियां हटाईं तो उसके नीचे उन्‍हें महिला की लाश मिली। महिला का पेट फटने से बच्‍ची बाहर निकलकर सड़क किनारे चली गई थी। उसकी गर्भनाल भी बल्‍लियों से दबकर कट चुकी थी। पुलिस को बच्‍ची हादसे की जगह से कुछ दूरी पर रोती हुई मिली। पुलिस ने नवजात बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है। अस्‍पताल के डॉक्‍टर और अन्‍य कर्मी भी यह जानकर हैरान थे कि इतने बड़े हादसे में गर्भवती महिला की मौत हो जाने के बाद भी उसकी बच्ची बच गई। सभी का मानना था कि बच्ची को भगवान ने बचाया है। इसलिए उन्होंने बच्ची का नाम गियोवान्ना रख दिया। जिसका मतलब है भगवान द्वारा बचाया गया। फिलहाल बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *