सेंट किंट्स,तमीम इकबाल के शानदार शतक की सहायता से बांग्लादेश ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय क्रिकेट मुकाबले में मेजबान वेस्टइंडीज को 18 रनों से हराकर तीन एकदिवसीय क्रिकेट मैचों की सीरीज 2-1 से जीतने के साथ ही नौ सालों के बाद एशिया से बाहर कोई सीरीज जीती है। सेंट किट्स के वार्नर पार्क में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अनुभवी बल्लेबाज़ तमीम के शतक की सहायता से 50 ओवरों में 301 बनाये। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान इंडीज टीम 50 ओवरों में 283 रन ही बना पाई। आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल ने 66 गेंदों में 73 रनों की पारी खेली। इसके अलावा शाइ होप ने 94 गेंदों पर 64 रनों की पारी खेली। अंत में रोवमेन पोवेल ने 41 गेंदों पर 74 रनों की आतिशी पारी पारी खेली।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाज करते हुए बांग्लादेश के तमीम ने पहले विकेट के लिए शाकिब के साथ 81 रनों की अहम साझेदारी निभाकर टीम को मजबूत शुरूआत दी और फिर मुश्फिकुर और महमुदुल्लाह के साथ मिलकर टीम को 200 रनों तक पहुंचाया। अपना शतक पूरा करने के बाद तमीम आउट हो गए। उन्होंने अपनी 124 गेंदों पर 103 रनों की पारी में 7 चौके और 2 छक्के भी लगाए पर अंत में 49 गेंदों पर महमुदुल्लाह की 67 रनों की नाबाद पारी की मदद से बांग्लादेश ने 301 रनों का विशाल स्कोर बनाया। 302 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज़ की टीम के आक्रामक बल्लेबाज़ गेल ने लक्ष्य को हासिल करने की पूरी कोशिश की। गेल ने मेज़बान टीम को अच्छी शुरूआत दिलाई। पहले विकेट के लिए उन्होंने इवान लुइस के साथ मिलकर 50 रनों की साझेदारी की लेकिन इसके बाद लुइस (13 रन) आउट होकर लौट गए।
पहला विकेट गिरने के बाद भी गेल और शाइ होप ने टीम को 100 रनों के पार पहुंचा दिया था लेकिन 100 रनों के पार जाते ही गेल 66 गेंदों में 73 रनों की पारी खेल आउट हो गए।गेल ने अपनी इस पारी में कुल 5 छक्के और 6 चौके लगाये।. इसके बाद भी वेस्टइंडीज़ की टीम के बल्लेबाज़ो ने साझेदारियां निभाई लेकिन कोई भी खिलाड़ी अपने अर्धशतक और अच्छी शुरूआत को शतक में तब्दील नहीं कर सका। 224 के स्कोर पर होप भी पेवेलियन लौट गये उन्होंने 94 गेंदों पर 64 रनों की पारी खेली। इसके बाद अंत में रोवमेन पोवेल ने 41 गेंदों पर 74 रनों की आतिशी पारी पारी खेली पर दूसरे छोर पर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया और इंडीज टीम के साथ से मैच निकल गया।
तमीम के शतक से बांग्लादेश ने नौ साल बाद एशिया के बाहर सीरीज जीती