रायपुर,राज्य सरकार ने लौह अयस्क खदानों के लिए प्रसिद्ध दल्लीराजहरा में एक सौ बिस्तरों का सिविल अस्पताल जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की घोषणा के अनुरूप स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। वहां के खदान श्रमिकों सहित क्षेत्र के सभी लोगों को सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य मंत्री अजय चन्द्राकर ने विभागीय अधिकारियों को सिविल अस्पताल की स्थापना के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि दल्लीराजहरा में सिविल अस्पताल खोलने के लिए चार करोड़ 74 लाख रूपए का व्यय संभावित है। यह राशि विभागीय बचत से व्यय की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने चालू वित्तीय वर्ष 2018-19 के प्रथम अनुपूरक बजट में सिविल अस्पताल दल्लीराजहरा के लिए विभागीय सेटअप के तहत 105 पदों की मंजूरी भी दे दी है।
अधिकारियों के अनुसार नये सिविल अस्पताल के लिए स्वीकृत सेटअप में अस्पताल अधीक्षक, मेडिसीन विशेषज्ञ, सर्जरी विशेषज्ञ, स्त्रीरोग, चर्मरोग, शिशुरोग, निश्चेतना, ईएनटी, नेत्र और अस्थिरोग विशेषज्ञों के एक-एक पद भी शामिल है। इनके अलावा रेडियोलॉजिस्ट, दंत चिकित्सक का एक-एक पद मंजूर किया गया है। सेटअप में साथ ही आपातकालीन चिकित्सकों और सामान्य ड्यूटी के चिकित्सकों के नौ पदों सहित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधक भेषज पीजीएमओ, स्त्रीरोग पीजीएमओ, फिजियोथेरेपिस्ट का भी एक-एक पद स्वीकृत किया गया है। इस प्रकार चिकित्सक श्रेणी में 25 पद मंजूर हुए हैं। उन्होंने बताया कि इनके अलावा स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल कर्मचारियों के 80 और प्रशासनिक स्टाफ के दस पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
दल्लीराजहरा में जल्द शुरू होगा 100 बिस्तरों का सिविल अस्पताल