भोपाल,मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में राज्य सरकार का विकास का विजन स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि विकास की अवधारणा सड़क, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण तक ही सीमित नहीं है। आम लोगों की जिन्दगी को खुशहाल बनाना और विकास का प्रकाश हर घर तक पहुँचाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, नदी, पर्वत पर सबका समान अधिकार है। मुख्यमंत्री आज समन्वय भवन में म.प्र. विकास संवाद संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी का आयोजन हिन्दुस्तान समाचार संस्थान द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में सांसद प्रभात झा, जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष राघवेन्द्र गौतम और असंगठित कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत मौजूद थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रमुख कार्य विकास की यात्रा को गतिशील बनाये रखना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर लाकर विकसित राज्य बनाया गया है। अब इसे समृद्ध राज्य बनाने का प्रयास जारी है। चौहान ने कहा कि सबको आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ और विकास के समान अवसर तथा संसाधन उपलब्ध करवाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने और कृषि उत्पाद का वैल्यू एडिशन स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विरासत में मिले बदहाल और उजड़े प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी विकास यात्रा से प्रदेश की तस्वीर बदली है। अब यहाँ शानदार सड़कें हैं। विद्युत उत्पादन 2900 मेगावॉट से बढ़कर 18 हजार 364 मेगावॉट हो गया है। सिंचाई का क्षेत्र सात लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 40 लाख हेक्टेयर तक कर लिया गया है और इसे 80 लाख हेक्टेयर करने का रोडमैप तैयार है। कृषि में पिछले पाँच वर्षों से औसतन 20 प्रतिशत वृद्धि दर कायम है, इससे उत्पादन भी लगभग दोगुना हो गया है।
विकास का प्रकाश हर घर तक पहुँचाना हमारा लक्ष्य-शिवराज