भाजपा संपर्क करे तब भी 2019 के आम चुनाव में राजग में शामिल नहीं होंगे – नायडू

नई दिल्ली,आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेदेपा के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि भाजपा अगर 2019 के आम चुनाव के लिए संपर्क करे तब भी उनकी पार्टी राजग में शामिल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राजग सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव “नैतिकता बनाम बहुमत” की लड़ाई थी।
नायडू ने कहा कि तेदेपा राज्य के लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करने की खातिर 2014 में राजग में शामिल हुई थी। उन्होंने कहा “हम सत्ता के भूखे नहीं है। हमें कभी भी कैबिनेट सीटों की आकांक्षा नहीं रही। हमने आंध्र प्रदेश को न्याय दिलाने के लिए उनके (भाजपा सरकार) साथ चार साल इंतजार किया लेकिन उन्होंने राज्य के लोगों के साथ धोखा किया। हम कैसे यकीन कल लें कि वे दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। ” नायडू ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए दूसरे विपक्षी दलों का आभार जताया।
कल अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान बीजद के संसद से बाहर चले जाने से विपक्ष की एकता में दरार का साफ पता चला था। इसे लेकर नायडू ने कहा, “वह (बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक) पुराने दोस्त हैं , वे हमारे साथ आ जाएंगे। ” मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी प्रधानमंत्री पद को लेकर कोई आकांक्षा नहीं है। यह पूछे जाने पर कि भाजपा के आंध्र प्रदेश को दूसरे लाभ देने का वादा करने पर क्या तेदेपा राजग में शामिल हो सकती है, उन्होंने कहा , “नहीं। मैं बस अपने राज्य के लिए न्याय चाहता हूं। ” तेदेपा विशेष राज्य के दर्जे की मांग पूरी ना होने पर इस साल की शुरूआत में भाजपा नेतृत्व वाले राजग से अलग हो गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *