मुम्बई, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को आईसीसी ‘हॉल ऑफ फेम’ क्लब में शामिल किया गया है। द्रविड़ इस सम्मान को हासिल करने वाले पांचवे भारतीय क्रिकेटर बने हैं। द्रविड़ से पहले अनिल कुंबले, बिशन सिंह बेदी, कपिल देव और सुनिल गावस्कर को आईसीसी हॉल ऑफ फेम से सम्मानित किया गया था। साल 2018 के हॉल ऑफ फेम की सूची में द्रविड़ के अलावा ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग और इंग्लैंड की पूर्व महिला क्रिकेटर क्येलर टेलर को भी शामिल किया गया है। आयरलैंड के डबलिन में आईसीसी के द्वारा आयोजित एक समारोह में द्रविड़ के नाम की घोषणा की गई। द्रविड़ इंडिया ए टीम के कोच होने के कारण इस कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। द्रविड़ ने एक वीडियो संदेश के जरिए आईसीसी को इस सम्मान के लिए आभार प्रकट किया है। द्रविड़ दुनिया के उन दिग्गज खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल है जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाए हैं। भारत के लिए 16 साल तक क्रिकेट खेलने वाले द्रविड़ ने 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ पदार्पण किया था और वे साल 2012 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इस दौरान इस बल्लेबाज ने भारत के लिए 164 टेस्ट, 344 वनडे और 1 एक टी-20 मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में द्रविड़ ने 52.31 की शानदार औसत से 13288 रन बनाए जिसमें 36 शतक और 63 अर्द्धशतक शामिल है। टेस्ट क्रिकेट में द्रविड़ का सार्वधिक स्कोर 270 रन का है। वहीं वनडे में द्रविड़ ने 39.16 की औसत से 10889 रन बनाए।
द्रविड़ हाल ऑफ फेम पाने वाले पांचवें क्रिकेटर बने