केरल लव जिहाद मामले में सेल्स टैक्स आफीसर की पत्नी से पूछताछ

तिरुवनंतपुरम, केरल में लव जिहाद से जुड़े एक मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कर्नाटक के एक कमर्शियल सेल्स टैक्स ऑफिसर की पत्नी से पूछताछ की है। केरल की एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसे इस्लाम धर्म स्वीकार करने पर मजबूर किया और उसे सेक्स स्लेव बनाकर इस्लामिक स्टेट (आईएस) को बेचने की कोशिश की। एनआईए ने बताया कि उसकी टीम ने इस मामले में कलबुर्गी जिले में तैनात कमर्शियल टैक्स के डिप्टी कमिश्नर इरशादुल्ला खान की पत्नी से 6 और 7 जून को पूछताछ की थी। सूत्रों ने बताया कि अधिकारी की पत्नी के पास से 8 लैपटॉप और 12 सेलफोन जब्त किए गए हैं।
साउथ इंडिया एनआईए ऑपरेशंस के सुपरवाजिंग ऑफिसर और आईजी आलोक मित्तल ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया, पीड़िता ने बताया था कि टैक्स अधिकारी की पत्नी बेंगलुरु में इस्लामिक स्टडीज की क्लासेस चलाती हैं और पति के दबाव में उसने उनकी क्लास अटेंड की है। इस जानकारी के आधार पर हमने 6 और 7 जून को दबिश दी।
हमने अधिकारी की पत्नी के पास से लैपटॉप, सेलफोन और सिम कार्ड जब्त किए हैं। पीड़िता अधिकारी के घर में नहीं रहती थी लेकिन कोचिंग के लिए यहां अक्सर आती थी। इस मामले में जांच की जा रही है। अधिकारी ने स्वीकार किया कि उनकी पत्नी से एनआईए ने पूछताछ की है, हालांकि उन्होंने कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
अधिकारी ने कहा, मेरी पत्नी से पूछताछ की गई क्योंकि सन 2016 में शिकायतकर्ता 16 दिनों तक मेरे घर में रुकी थी। यह मामला तब सामने आया, जब केरल की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया कि मुहम्मद रियाज ने उसे झांसे में लेकर उसके साथ बलात्कार किया, उसके न्यूड वीडियो और फोटो अपने फोन पर रिकॉर्ड किए और उसे जाकिर नाइक की शागिर्द बनने के लिए धमकाया। महिला फिलहाल गुजरात में रह रही है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गलत दस्तावेजों के आधार पर रियाज ने उससे शादी की और जबरदस्ती उसका धर्म परिवर्तन करवाया। आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट बनवा लिए थे और 25 वर्षीय इस महिला को केरल में गैर कानूनी तरीके से बंधक बनाकर रखा था। इसके बाद अगस्त 2017 में वह उसे आईएस को बेचने के मकसद से सउदी अरब के जेद्दा लेकर गया था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि जेद्दा में आरोपी रियाज इस्लामिक स्टेट में शामिल हुए था और गैर-कानूनी गतिविधियों के लिए उसे इस्लामिक स्टेट से फंड मिलता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *