इलाहाबाद,राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के चिकित्सकों से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को कामयाब बनाने में सहयोग देने और मानवीय आधार पर काम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़े लक्ष्य तब तक हासिल नहीं किए जा सकते, जब तक कि चिकित्सक सेवा की भावना अपनाते हुए इन्हें लागू करने की पहल नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि देश के आम नागरिकों को कम खर्च में बेहतरीन इलाज मिले, इसके लिए सरकार के साथ-साथ चिकित्सकों को भी प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुत बदलाव हुए हैं। हमारे हिस्से में अनेक उपलब्धियां आई हैं। लेकिन अभी बहुत कुछ हासिल किया जाना बाकी है।
इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन की स्थापना के शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डॉक्टर्स को उनकी ज़िम्मेदारी याद दिलाते हुए कहा कि नोबेल प्रोफेशन की वजह से ही उन्हें धरती का भगवान और नेशन बिल्डर कहा जाता है। डॉक्टर्स को हमेशा यह याद रखना चाहिए कि उनकी ज़िम्मेदारी समाज के निर्माता की है, इसलिए पेशेवर रवैया अपनाने के साथ ही उन्हें कुछ समय मानवीय आधार पर भी सेवा देना चाहिए।
राष्ट्रपति ने इलाहाबाद के डॉक्टर्स को शहर में कुछ महीने बाद लगने जा रहे कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को मानवीय आधार पर अपनी सेवा देने की नसीहत दी है।
उन्होंने कहा कि कुंभ के आयोजन पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी होंगी। दुनिया भर से श्रद्धालु आएंगे, इसलिए यहां के डॉक्टर्स को अपने प्रोफेशन में एक महीने तक कमी लाकर श्रद्धालुओं की सेवा करनी चाहिए। ऐसा करके समूची दुनिया में भारतीय चिकित्सकों को मानव सेवा का बेहतर संदेश देना चाहिए। शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि कुंभ मेले का यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहर की सूची में आना समूचे देश के लिए गौरव की बात है। इस कार्यक्रम में उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत को उचित सम्मान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विदेशी लोग अपने राष्ट्रगान का काफी सम्मान करते हैं, लेकिन भारत में कुछ लोग सिर्फ औपचारिकता निभाने के लिए अधूरे मन से इसे गाते हैं।
राष्ट्रपति कोविंद ने इस मौके पर इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन की नई बिल्डिंग का उद्घाटन किया। इसके साथ ही एएमए पर जारी डाक कवर का विमोचन भी किया। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन देश की पुरानी मेडिकल संस्थाओं में एक है। इसकी स्थापना इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से भी पहले की गई थी। एएमए के इस कार्यक्रम में यूपी के गवर्नर राम नाइक, वेस्ट बंगाल के गवर्नर केशरीनाथ त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह और नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने दी डॉक्टरों को दी नसीहत, पैसा कमाइए और मानवीय भी बने रहिए