हिसार के एक शासकीय स्कूल में दसवीं की एक भी छात्रा नहीं हुई पास

हिसार, हरियाणा हिसार के एक शासकीय कन्या विद्यालय की दसवीं कक्षा की सभी छात्राएं परीक्षा में फेल हो गई। स्थानीय निवासियों ने इसके लिये अहम विषयों के शिक्षकों की कमी को जिम्मेदार ठहराया। गांव के सरपंच धरम सिंह ने कहा कि हिसार जिले के काबरेल गांव के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में पिछले शैक्षणिक सत्र के दौरान संस्कृत, हिन्दी, विज्ञान और गणित का कोई शिक्षक नहीं था। स्कूल के एक शिक्षक ने बताया कि चार साल से हेडमास्टर का पद खाली पड़ा है। भिवानी के हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जब पिछले महीने नतीजे घोषित किये थे तब इस स्कूल का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था। स्कूल में पढ़ने वाली सभी 24 छात्राएं फेल हो गईं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह जिले का एकमात्र स्कूल है जिसका इतना खराब प्रदर्शन रहा है। गांव के सरपंच ने कहा कि छात्राओं ने कई बार स्कूल में स्टाफ की कमी की शिकायत की। गांव के निवासियों ने खराब परिणाम के लिए हरियाणा सरकार और शिक्षा विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। एक ग्रामीण ने आज कहा कि एक ओर सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम पर इतना जोर देती है जबकि दूसरी ओर अधिकारियों ने स्कूल में स्टाफ की कमी की समस्या को हल करने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि ग्राम पंचायत ने जिला प्रशासन से कई बार मिलकर स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षक मुहैया कराने की मांग की, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *