भोपाल, मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से प्रारंभ हो रहा है। भाजपा सरकार करीब एक दर्जन से ज्यादा विधेयक लाने जा रही है। वहीं विपक्ष ने सत्र में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया है। किसानों के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगी। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का पारिवारिक विवाद भी सदन में उठ सकता है। सरकार चालू वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट भी प्रस्तुत करेगी। ये करीब आठ हजार करोड़ रुपए का बताया जा रहा है। गौरतलब है कि चुनाव से पहले होने वाला यह सत्र 14वीं विधानसभा का आखरी सत्र माना जा रहा है। इसके चलते यह आखिरी सत्र हंगामेदार होगा। सत्र के प्रारंभ होने के एक दिन पहले रविवार को भाजपा और कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई। भाजपा की विधायक दल बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव समेत अन्य मुद्दों पर कैसे जवाब देना है। विपक्ष के आरोपों को सदन के अंदर कैसे खारिज किया जाना है। वहीं, कांग्रेस विधायक दल की बैठक शिवाजी नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में शाम पांच बजे हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों पर बात की और सरकार को कैसे घेरा जाये इस पर टिप्स दिये।
5 दिन का सत्र
प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बीच, 25 से 29 जून तक यह सत्र चलेगा। पांच दिवसीय सत्र में पांच बैठके होनी हैं। स्थगन और ध्यानाकर्षण 20 जून तक लिए जाएंगे।
सरकार ने नहीं मानी हमारी मांग
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि हमने सत्र की अवधी बढ़ाने की मांग की है लेकिन अब तक हमारी मांग नहीं मानी गई।
यह विधायक आएंगे
सरकार इस बार एक दर्जन से अधिक विधेयक लाने वाली है। लेकिन दो की सूचना ही सूचना विधानसभा सचिवालय पहुंची है। उच्च शिक्षा विभाग ने मप्र राज्य उच्च शिक्षा 2018 और मप्र राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय संस्थान 2018 विधेयक विधानसभा को भेजे हैं। विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों की सेवा आयु बढ़ाने के लिए भी मप्र विधानसभा सेवायुक्त विधेयक लाया जा रहा है। धर्मशाला विधि विवि विधेयक, लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक सहित भू राजस्व संहिता, मप्र वृत्तिकर, नगर पालिका मनोरंजन कर व अमोद-प्रमोद, नगर पालिक मुद्रांक शुल्क प्रभार, निजी विवि स्थापना व संचालन संशोधन विधेयक भी सरकार मानसून सत्र में ला सकती है।
MP के मानसून सत्र में हंगामे के आसार, किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरेगी
