बेटों से नाराज अर्जुन सिंह की पत्नी पहुंचीं कोर्ट,अजय और अभिमन्यु के खिलाफ घरेलू हिंसा का आरोप

भोपाल,मध्य प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की पत्नी श्रीमती सरोज कुमारी अपने ही बेटों के खिलाफ शिकायत करने मंगलवार को भोपाल जिला अदालत पहुंचीं। पुत्र अजय सिंह (राहुल भैया) एवं अभिमन्यू सिंह पर घरेलू हिंसा करने और घर से बेदखल करने का आरोप लगाते हुए, लिखित शिकायत की गई है।
स्वर्गीय अर्जुन सिंह के परिवार में आपसी खींचतान पिछले लंबे समय से चल रही है, ऐसे में 84 वर्षीय श्रीमती सरोज कुमारी द्वारा भोपाल कोर्ट में मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और उनके भाई अभिमन्यू सिंह पर घरेलू हिंसा के साथ घर से बेदखल करने के आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार से एक बार फिर सिंह परिवार का मामला सुर्खियों में आ गया है। यहां प्रेस को जारी विज्ञप्ति में श्रीमती सरोज कुमारी ने कहा है कि उनके पुत्र अजय सिंह और अभिमन्यू ने उनके साथ घरेलू हिंसा करते हुए उनके अपने निवास से बेदखल कर दिया और भरण-पोषण करने से इंकार कर दिया है। इस कारण उन्हें मजबूरी में माननीय न्यायालय की शरण लेनी पड़ी है। श्रीमती सरोज ने अपनी शिकायत में कांग्रेस पार्टी और उनके उसूलों का भी हवाला दिया है और कहा है कि जिस पार्टी के उसूलों में महिलाओं का संरक्षण एवं असहाय व्यक्तियों के लिए हमेशा सहयोग करना प्राथमिकता रही है, वहीं उनके पुत्र अजय सिंह ने पार्टी उसूलों को ताक पर रखकर उक्त कृत्य किया है। अपने ही बेटों पर आरोप लगाने वाली श्रीमती सरोज कुमारी के साथ उनकी बेटी वीणा सिंह भी अदालत पहुंचीं थीं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे श्रीमती सरोज कुमारी और बेटी वीणा सिंह उद्योगपति सैम वर्मा के साथ अदालत पहुंचीं थीं। इस मामले में फिलहाल बेटों की ओर से किसी प्रकार का कोई बयान नहीं दिया गया है।
पारिवारिक स्थिति
स्वर्गीय अर्जुन सिंह और श्रीमती सरोज कुमारी के दो बेटे और एक बेटी हैं। इनमें छोटे बेटे अजय सिंह चुरहट से कांग्रेस विधायक और मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। वहीं बड़े बेटे अभिमन्यु राजनीति से इतर बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित बिजनेसमैन हैं। जबकि इकलौती बेटी वीणा सिंह राजनीति में सक्रिय हैं और सीधी से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लोकसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं, बदकिस्मती से उन्हें यहां हार का मुंह देखना पड़ा था। तब अर्जुन सिंह उन्हें कांग्रेस से टिकट दिलाना चाह रहे थे, लेकिन पार्टी ने इंकार कर दिया और उन्हें चुनाव मैदान में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उतारा गया था।
राजनीतिक कयासों का दौर जारी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के खिलाफ उनकी अपनी मॉं के द्वारा अदालत में शिकायत किए जाने के पीछे राजनीतिक कारण तलाशे जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि यह शिकायत ऐसे समय में की गई है जबकि अजय सिंह विधानसभा में एक दिन बाद ही अविश्वास प्रस्ताव लगाने वाले थे। इससे महज एक दिन पहले मॉं श्रीमती सरोज कुमारी के द्वारा अपने ही पुत्रों के खिलाफ घरेलू हिंसा और संपत्ति से बेदखली की शिकायत कोर्ट में की जाना कहीं न कहीं राजनीति से प्रेरित है। इस मामले में बैतूल के उद्योगपति सैम वर्मा की भूमिका भी संदिग्ध है, जिनके साथ मॉं और बेटी कोर्ट पहुंचीं थीं। सूत्रों की मानें तो सरकार इनके माध्यम से अजय सिंह (राहुल भैया) को घेरना चाह रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *