स्टटगार्ट, ग्रैंड स्लैम मास्टर स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने जहां फाइनल में कनाडा के मिलोस राओनिक को लगातार सेटों में 6-4, 7-6 से हराकर स्टटगार्ट ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीता। वहीं विश्व की नंबर एक रैंकिंग फिर से हासिल करने के साथ साथ अपना 98वां खिताब भी जीत लिया है। 36 साल के फेडरर फाइनल में पहुंच कर नंबर वन रैंकिंग हासिल करना पहले ही सुनिश्चित कर चुके थे और आज उन्होंने इसका जश्न खिताबी जीत के साथ मनाया। आज जब नई रैंकिंग जारी होगी तो फेडरर स्पेन के राफेल नडाल को अपदस्थ कर नंबर वन बन जाएंगे। फेडरर ने 78 मिनट तक चले मुकाबले में राओनिक को पस्त कर दिया और पहली बार स्टटगार्ट का खिताब जीता। आठ बार विंबलडन खिताब जीत चुके फेडरर ने गत वर्ष विंबलडन के अपने खिताबी सफर में राओनिक को हराया था।
उन्होंने पहले सेट के तीसरे गेम में कनाडाई खिलाड़ी की शक्तिशाली सर्विस तोड़ी जो उन्हें पहला सेट जिताने के लिए काफी थी। दूसरा सेट टाइब्रेक में गया लेकिन फेडरर ने टाइब्रेक 7-3 से जीत कर खिताब अपने नाम कर लिया। फेडरर ग्रास कोर्ट सत्र की तैयारी के लिए पूरे क्ले कोर्ट सत्र से बाहर रहे थे और अब वे सोमवार से नंबर वन रैंकिंग पर 310वां सप्ताह शुरू करेंगे। फेडरर यदि इसके बाद अपना हाले ग्रास कोर्ट खिताब बरकरार रखते हैं तो वे विंबलडन में 100वां खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे।
नंबर वन पर पहुंचे रोजर फेडरर, जीता 98 वां खिताब