भोपाल,मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा पिछले महीने रिजल्ट तो जारी कर दिया लेकिन वह मार्कशीट अभी तक नहीं बांट पाया है। गत महीने 14 मई को 10वीं व 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए थे, लेकिन अब तक स्कूलों में अंक सूची नहीं पहुंचा पाया है। अंकसूची नहीं मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी कॉलेजों में दाखिला लेने वाले 12वीं के विद्यार्थियों को हो रही है। खासकर इंजीनियरिंग, मेडिकल व अन्य जगहों पर दाखिला लेने के लिए मूल अंकसूची की जरूरत पड़ रही है। अंकसूची नहीं मिलने से सभी स्कूलों के प्राचार्य भी परेशान हैं। उनसे हर रोज विद्यार्थी पूछ रहे हैं कि अंकसूची कब तक आएगी। नियम के अनुसार रिजल्ट आने के 15 दिनों बाद छात्रों में अंकसूची बंट जानी चाहिए, लेकिन इस बार ज्यादा समय लग रहा है। बता दें कि 15 जून से राज्य में ही ऑल इंडिया कोटे से इंजीनियरिंग की काउंसलिंग शुरू हो रही है। वहीं विद्यार्थियों को प्रदेश से बाहर किसी भी संस्थान में दाखिला कराने के लिए अंकसूची जरूरी है, लेकिन अंकसूची नहीं बंटने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।
बताया जा रहा है कि लैपटॉप वितरण कार्यक्रम तीन बार स्थगित होकर देर से होने के कारण मंडल समय पर अंकसूची को समन्वयक संस्था में नहीं भेज पाया। इस बार 10वीं में 54,5137 विद्यार्थी और 12वीं में 40,4871 पास हुए हैं। जिनकी अंकसूचियां मंडल को तैयार करनी हैं। 14 जून से सभी कॉलेजों में सीटों का आवंटन शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए अंकसूची जरूरी है। वहीं 10वीं के बाद 11वीं में भी नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिसके लिए अंकसूची का सत्यापन जरूरी है। बताया जा रहा है कि मंडल की ओर से 12वीं की अंकसूची एवं माइग्रेशन जिले की समन्वयक संस्था को भेजने की तैयारी चल रही है। प्राचार्य अंकसूची और माइग्रेशन छात्रों को वितरित करने के लिए 21 जून से प्राप्त कर सकते हैं। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल उपाध्यक्ष डॉ भागीरथ कुमरावत का कहना है कि अंकसूची को राजधानी के समन्वय केंद्र में भेजने की तैयारी चल रही है। जल्द ही 10वीं व 12वीं की अंकसूची बांट दी जाएगी।
एक महीने बाद भी माशिमं नहीं बांट पाया मार्कशीट