फीफा विश्व कप 2018 : ये छह टीमें हैं सबसे बड़ी दावेदार

मॉस्को,रुस की राजधानी मास्को में गुरुवार से शुरु हो रहे फीफा विश्व फुटबॉल के महाकुंभ में विश्व की 32 टीमें खिताब पर कब्जा करने के इरादे से उतरेंगी। एक महीने तक चलने वाले इन मुकाबलों के दौरान दुनिया भर में फुटबॉल का खुमार छाया रहेगा। इसमें छह टीमों को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
ब्राजील: स्टार खिलाड़ी नेमार की वापसी से उत्साहित पांच बार की चैम्पियन ब्राजीली टीम इस बार खिताब जीतने पूरी ताकत लगा देगी। इससे पहले उसे 2014 विश्व कप में अपनी ही धरती पर जर्मनी के हाथों 7-1 से करारी हार का सामना करना पड़ा था। ब्राजील के पास अब एक बार फिर मौका है क्योंकि कोच टिटे ने उन्हें हार की निराशा से निकालकर फिर आक्रामक बना दिया है। डानी अल्वेस के चोटिल होने से टीम का संतुलन बिगड़ा है पर नेमार फिर से फिट हैं और दोस्ताना मैचों में उन्होंने गोल भी किए हैं। इसके अलावा गैब्रियल जीसस भी लय में आ गये हैं।
जर्मनी: गत विजेता जर्मनी को बड़े मैचों की टीम माना जाता है पर इस बार नुमाइशी मैचों में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। कोच जोकिम ल्यू की टीम लगातार पांच मैचों में जीत दर्ज नहीं कर सकी और सऊदी अरब के खिलाफ उसे 2-1 से से जीत दर्ज करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। गोलकीपर मैनुअल न्यूअयेर सितंबर के बाद से चोट के डर से बहुत कम मैदान में हैं। जर्मनी की टीम ने चार बार खिताब जीता है। मौजूदा चैम्पियन इस बार भी खिताब बरकरार रखना चाहेगी।
अर्जेंटीना: दो बार विश्व कप विजेता रही अर्जेंटीना की टीम क्वॉलीफाइंग दौर में खराब प्रदर्शन के बाद रूस पहुंची है। पिछले सप्ताह यरूशलम में इजरायल के साथ अभ्यास मैच रद्द होने से भी उसे झटका लगा है। इससे खिलाड़ी अभ्यास अभ्यास भी नहीं कर पाये हैं। टीम की पूरी जिम्मेदार कप्तान ओर स्टार खिलाड़ी लियोनेल के प्रदर्शन पर रहेगी। मेसी भी अपने देश की ओर से पहली बार खिताब जीतना चाहेंगे।
स्पेन: स्पेन भी 2014 के खराब प्रदर्शन को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना चाहेगा। दो साल में जुलेन लोपेटेगुइ के कोच रहते स्पेन की टीम एक भी मैच नहीं हारी है। स्पेन को ग्रुप बी के पहले मैच में पुर्तगाल से खेलना है। टीम में सात खिलाड़ी ऐसे हैं जो यूरो 2016 में टीम का हिस्सा थे जिसे इटली ने 2-0 से हराया था।
फ्रांस: फ्रांस ने अपने अभ्यास मैच में अमेरिका से 1-1 से ड्रा खेला जिससे समझा जा सकता है कि उसकी राह काफी कठिन है। स्टार खिलाड़ी पॉल पोग्बा की बदौलत उसने आयरलैंड और इटली को अभ्यास मैचों में हराया हैं। इस प्रकार वह भी अंतिम चार के दावेदारों में एक नाम माना जा रहा है।
पुर्तगाल : स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल को भी दावेदार माना जा रहा है। टीम की सबसे बड़ी ताकत विश्व के सर्वश्रेंष्ठ स्ट्राइकर रोनाल्डो के रुप में टीम के पास है। टीम में अन्य कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं जिससे टीम की अंतिम चार में दावेदारी को कम नहीं आंका जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *