इस्तांबुल , ईरान की राष्ट्रीय टीम को तुर्की के खिलाफ विश्व कप टूर्नामेंट से पहले खेले गए एक दोस्ताना मैच में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
इंग्लैंड के क्लब एवर्टन के लिए खेलने वाले स्ट्राइकर सेंक तोसुन ने तुर्की के लिए पहला गोल किया। तोसुन ने मैच के छठे मिनट में ही मेहमत तोपाल से मिले पास को गोल में तब्दील कर तुर्की का खाता खोला। इसके बाद दूसरे हाफ में तोसुन ने तुर्की के लिए दूसरा गोल किया और उसे 2-0 से आगे कर दिया।
इस मैच में ईरान के लिए अतिरिक्त समय में अश्कान देजागाह ने पेनाल्टी पर गोल किया। हालांकि, यह जीत के लिए काफी नहीं था और ऐसे में ईरान को तुर्की के खिलाफ 1-2 से हार मिली।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ईरान ने उज्बेकिस्तान को 1-0 से हराया था। ऐसे में ईरान की कोशिश आठ जून को होने वाले दोस्ताना मैच में लिथुआनिया के खिलाफ जीत हासिल करना होगा।