टेक्सास, कौन नहीं चाहता हमेशा जवान रहना, लेकिन उम्र बढ़ना एक नियमित प्रक्रिया है। ऐसे में खुद को जवान बनाए रखने के लिए आपको अपनी दिनचर्या बदलनी होगी। एक शोध में सामने आया है कि हर रोज़ चार या पांच बार व्यायाम करने से दिल स्वस्थ रहेगा तथा आप पर बढ़ती उम्र का प्रभाव देर से पड़ेगा। शोध के अनुसार व्यायाम को दिए गए समय के हिसाब से विभिन्न प्रकार की धमनियों पर विभिन्न प्रभाव होते हैं। एक हफ्ते में 30 मिनट के हिसाब से 2-3 दिन व्यायाम मध्यम आकार की धमनियों की कठोरता कम करने के लिए पर्याप्त हो सकता है, जबकि प्रति हफ्ते चार से पांच दिन व्यायाम लंबी केंद्रीय धमनियों को युवा बनाए रखता है। टेक्सास विश्वविद्यालय में इस शोध के लेखकों में से एक, बेंजामिन लेवाइन ने कहा कि इस शोध से दिल को युवा रखने तथा यहां तक कि उम्रदराज लोगों के दिल को भी युवा बनाने के व्यायाम कार्यक्रम को विकसित करने में मदद मिलेगी। दिल में खून का परिसंचरण करने वाली धमनियां उम्र के साथ कठोर होने लगती हैं जिससे हृदय संबंधी बीमारियों का ख़तरा बढ़ जाता है। शोध दल ने 60 साल से ज्यादा के 102 लोगों का परीक्षण किया। इस दौरान उनके जीवन भर के व्यायाम का ब्योरा लिया गया। जीवन भर सामान्य व्यायाम करने वाले लोगों की मध्यम आकार की धमनियां अधिक युवा पाई गईं। ये धमनियां दिमाग और गर्दन में रक्त संचार करती हैं। वहीं प्रति हफ्ते 4-5 बार व्यायाम करने से लंबी केंद्रीय धमनियों को युवा रखने में सहायक होती हैं। ये कोशिकाएं सीने तथा पेट में रक्त संचरण करती हैं। इसके अलावा ये मध्यम आकार की धमनियों को स्वस्थ रखती हैं। लेवाइन ने कहा कि शोध की सहायता से ये जानने में सहायता मिलेगी कि क्या सही मात्रा में व्यायाम करने पर धमनियों और दिल को दोबारा युवा करने में सहायता मिल सकती है। शोधकर्ताओं ने बताया कि बड़े आकार की धमनियों को उम्र का प्रभाव कम करने के लिए और कम अंतराल पर व्यायाम करने की ज़रूरत होती है।
रोजाना चार या पांच बार व्यायाम से दिल रहेगा स्वस्थ