बालासाहेब ने भाजपा के बुरे कर्मों को बर्दाश्त किया, मैं नहीं करुंगा- उद्धव

मुंबई,मुंबई से सटे पालघर लोकसभा सीट पर शनिवार को उपचुनाव के प्रचार का आखिरी दिन रहा. यहां शिवसेना ने बीजेपी पर वोट खरीदने के लिए पैसे बांटने के आरोप लगाए हैं. शिवसेना का आरोप है कि बीजेपी घर-घर जाकर पैसों से भरे लिफाफे बांट रही है. शिवसेना ने चुनाव में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बीजेपी उम्मीदवार को चुनाव से हटाने की मांग की है. आपको बता दें कि पालघर लोकसभा उपचुनाव के लिए पहली बार शिवसेना और बीजेपी आमने-सामने हैं. पालघर उपचुनाव के एलान के बाद से ही कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं जिन्होंने बीजेपी और शिवसेना की कड़वाहट को बढ़ा दिया है. पालघर में बीजेपी सांसद चिंतामण वनगा के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है. शिवसेना ने बीजेपी को पहला झटका उस वक्त दिया जब उसने चिंतामण वनगा के बेटे श्रीनिवास वनगा को अपने टिकट पर मैदान में उतार दिया. इस स्थिति से निपटने के लिये बीजेपी ने भी बड़ा दांव खेला और इलाके के बड़े कांग्रेस नेता राजेंद्र गावित को पार्टी में शामिल करके उन्हें टिकट दे दिया. इस रणनीति से बीजेपी-शिवसेना सीधे-सीधे आमने आ गई हैं. बता दें कि 28 मई को पालघर में लोकसभा उपचुनाव होने वाले हैं.
दिलचस्प हो गई है पालघर की लड़ाई
पालघर सीट बीजेपी और शिवसेना के लिए नाक की लड़ाई है तो कांग्रेस और बहुजन विकास अघाड़ी पार्टी के मैदान में उतरने से ये लड़ाई और दिलचस्प हो गई है. शिवसेना ने बीजेपी के दिवंगत सांसद चिंतामण वनगा के बेटे श्रीनिवास वनगा को ही मैदान में उतारा है. वहीं बीजेपी ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजेंद्र गावित को. कांग्रेस के टिकट पर पांच बार के पूर्व सांसद दामू शिंगडा चुनाव लड़ रहे हैं तो बहुजन विकास अघाड़ी पार्टी से बलराम जाधव उम्मीदवार हैं, जिन्हें इलाके के बाहुबली हिंतेंद्र ठाकुर का समर्थन हासिल है. पालघर में शिवसेना और बीजेपी भले पूरी ताकत झोंक रही हों लेकिन यहां हकीकत में मुकाबला चार उम्मीदवारों के बीच है. अब 31 मई को ही तय होगा पालघर किसके पाले में जाता है.
– बालासाहेब ने भाजपा के बुरे कर्मों को बर्दाश्त किया, मैं नहीं करुंगा- उद्धव
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल एक चुनावी सभा में कहा कि उनके पिता बाल ठाकरे ने भाजपा के ‘‘ बुरे कर्मों ’’ को बर्दाश्त किया लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे. पालघर लोकसभा उपचुनाव के लिए शिवसेना के उम्मीदवार श्रीनिवास वनगा के लिए धनाऊ में एक प्रचार रैली को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी 25 वर्षों तक हिंदुत्व के लिए भाजपा के साथ रही. उन्होंने कहा , ‘‘बालासाहेब ने इसे (भाजपा के बुरे कर्मों को) बर्दाश्त किया। हमने बहुत कर लिया और मैं अब इसे बर्दाश्त नहीं करुंगा. ’’उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की युवा पीढ़ी में हिंदुत्व के आदर्श नहीं झलकते. पिछले 25 साल से भारतीय जनता पार्टी उनकी सहयोगी है. इस सवाल के जवाब में उद्धव ने कहा कि यह दुभाग्यपूर्ण है. कुछ चीजों को लेकर अफसोस है, क्योंकि भाजपा की नई पीढ़ी में हिंदुत्व के आदर्श नहीं दिखते. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा अहंकारी हो गई है. 28 तारीख को होने वाला पालघर लोकसभा उप चुनाव अहंकार और वफादारी के बीच होगा. उन्होंने कहा कि वह सत्ता में आने के बाद अहंकारी हो गए हैं, लेकिन हम लोग पालघर उप चुनाव में उन्हें सच्चाई से अवगत कराने के लिए लड़ रहे हैं.
– भंडारा गोंदिया लोकसभा उपचुनाव में घिरी बीजेपी
वहीं भंडारा गोंदिया लोक सभा उपचुनाव में किसानों को पैसे बांटने के सरकारी फैसले पर बीजेपी घिर गई है. एनसीपी की चुनाव आयोग में शिकायत के बाद फडणवीस सरकार ने लोकसभा चुनाव तक किसानों को पैसा बांटने का फैसला वापस ले लिया है. एनसीपी ने कल चुनाव आयोग में शिकायत की थी कि भंडारा गोंदिया के किसानों के लिए फडणवीस सरकार ने करीब 11 करोड़ रुपये जिला प्रशासन को ट्रांसफर किए हैं. अब लोकसभा उपचुनाव के बाद ही किसानों को ये पैसे बांटे जा सकेंगे. महाराष्ट्र के गोंदिया भंडारा लोकसभा में बीजेपी सांसद नाना पटोले के इस्तीफे के बाद उपचुनाव हो रहा है. यहां कांग्रेस और एनसीपी का बीजेपी से सीधे मुकाबला है. उपचुनाव में पीएम मोदी के खिलाफ बगावत कर चुके पूर्व बीजेपी सांसद नाना पटोले के असर का टेस्ट होगा तो एनसीपी के दिग्गज प्रफुल्ल पटेल और शरद पवार की साख की भी परीक्षा होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *